पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

 


शिमला, 08 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के छह बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय वीरभद्र सिंह की पांचवीं पुण्यतिथि पर बुधवार को राजधानी शिमला में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ऐतिहासिक रिज मैदान स्थित उनकी प्रतिमा पर लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया। इस दौरान शिमला के मेयर सुरेंद्र चौहान, विधायक हरीश जनार्था, कांग्रेस के कई नेताओं और कार्यकर्ताओं ने भी वीरभद्र सिंह को श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस अवसर पर विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वीरभद्र सिंह का प्रदेश के विकास में योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह ने हिमाचल के संतुलित विकास की सोच के साथ काम किया और उनका लक्ष्य प्रदेश के हर क्षेत्र तथा समाज के हर वर्ग तक विकास पहुंचाना था। उनके अनुसार शिक्षा, सड़क, पेयजल, सिंचाई और पशु चिकित्सा सेवाओं के विस्तार में वीरभद्र सिंह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में इंजीनियरिंग कॉलेजों और मेडिकल कॉलेजों के विस्तार में भी वीरभद्र सिंह का बड़ा योगदान रहा। उन्होंने विशेष रूप से इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) के विस्तार और डॉ. राजेंद्र प्रसाद सरकारी मेडिकल कॉलेज, टांडा की स्थापना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन संस्थानों से प्रदेश के लाखों लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिली हैं।

विक्रमादित्य सिंह ने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार मेडिकल, शैक्षणिक, तकनीकी और व्यावसायिक संस्थानों को और मजबूत बनाने की दिशा में काम कर रही है।

उन्होंने कहा कि सरकार वीरभद्र सिंह के अधूरे विकास कार्यों और उनके सपनों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से विभिन्न क्षेत्रों में योजनाओं पर काम किया जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा