महिला आरक्षण पर भाजपा कर रही राजनीति : कुलदीप राठौर
शिमला, 20 अप्रैल (हि.स.)। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुलदीप सिंह राठौर ने महिला आरक्षण के मुद्दे पर केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री के हालिया राष्ट्र के नाम संबोधन पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संबोधन किसी बड़े राष्ट्रीय मुद्दे की घोषणा जैसा नहीं था, बल्कि उसमें विपक्ष, खासकर कांग्रेस को निशाना बनाया गया और पूरा भाषण चुनावी सभा जैसा लगा।
राठौर ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि जब प्रधानमंत्री राष्ट्र को संबोधित करते हैं तो देश को किसी महत्वपूर्ण घोषणा की उम्मीद रहती है, लेकिन करीब 29 मिनट के संबोधन में महिला आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर आरोप लगाए गए। उन्होंने कहा कि तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच इस तरह का संबोधन राजनीतिक उद्देश्य से किया गया प्रतीत होता है।
उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण विधेयक पहले ही संसद से पारित हो चुका है और उसे राष्ट्रपति की मंजूरी भी मिल चुकी है। इसके बावजूद इसे फिर से राजनीतिक मुद्दा बनाकर भाजपा चुनावी लाभ लेने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार ने 16 अप्रैल को इसे परिसीमन से जोड़ते हुए अधिसूचित किया है, जबकि नई जनगणना प्रस्तावित है। ऐसे में 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन करना उचित नहीं माना जा सकता।
कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि महिलाओं को राजनीतिक अधिकार देने में कांग्रेस की भूमिका ऐतिहासिक रही है। उन्होंने कहा कि राजीव गांधी के समय पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण दिया गया था। वहीं इंदिरा गांधी के कार्यकाल में महिलाओं को संपत्ति के अधिकार जैसे महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। उन्होंने कहा कि देश की पहली महिला प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी कांग्रेस से थीं और पहली महिला लोकसभा अध्यक्ष मीरा कुमार भी कांग्रेस के कार्यकाल में बनीं।
राठौर ने भाजपा पर आरोप लगाया कि वह महिला आरक्षण के मुद्दे को राजनीतिक लाभ के लिए इस्तेमाल कर रही है और समाज को धर्म और जाति के आधार पर बांटने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा कांग्रेस को महिला विरोधी बताना गलत है और कांग्रेस इस मुद्दे पर जनता के बीच जाकर अपनी बात रखेगी। उनका कहना है कि देश की महिलाएं इस पूरे मुद्दे को समझती हैं और महिला आरक्षण के नाम पर की जा रही राजनीति सफल नहीं होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा