वोट चोरी कर लोकतंत्र खत्म करना चाहती है भाजपा : राव दान सिंह

 


शिमला, 18 नवंबर (हि.स.)। कांग्रेस के जिला शिमला प्रभारी एवं हरियाणा के पूर्व मंत्री राव दान सिंह ने आरोप लगाया है कि भाजपा वोट चोरी के माध्यम से देश के लोकतंत्र को खत्म करना चाहती है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर भाजपा के एजेंट के तौर पर काम करने का आरोप लगाते हुए कहा कि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। कांग्रेस इस कथित वोट चोरी के खिलाफ देशभर में अभियान चलाएगी और लोगों को उनके मतदान के अधिकार के प्रति जागरूक करेगी।

राव दान सिंह बुधवार को शिमला स्थित कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के निर्देश पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने 'देश बचाओ, वोट बचाओ' अभियान शुरू किया है। इस अभियान के माध्यम से पार्टी मतदाता सूचियों में कथित गड़बड़ियों और लोगों के मतदान के अधिकार से जुड़े मुद्दों को उठाएगी।

उन्होंने दावा किया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) प्रक्रिया के तहत करीब 13 करोड़ लोगों को उनके मताधिकार से वंचित कर दिया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार अपने साथी चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों को भी नजरअंदाज कर रहे हैं। उनके अनुसार, चुनाव आयोग के दो अन्य सदस्यों ने 14 बार आपत्ति जताई, लेकिन उनकी बात नहीं सुनी गई। उन्होंने हरियाणा, महाराष्ट्र, बिहार और पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों में चुनावी प्रक्रिया के दौरान गड़बड़ियों का आरोप भी लगाया।

राव दान सिंह ने कहा कि कांग्रेस इस अभियान को गांव-गांव और गली-गली तक ले जाएगी। चौपालों के माध्यम से लोगों को मतदान के अधिकार और मतदाता सूची में अपने नाम की स्थिति जांचने के लिए जागरूक किया जाएगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस ने एक ऐप भी शुरू किया है। इसके माध्यम से लोग अपने वोट की स्थिति की जानकारी हासिल कर सकेंगे और नाम गलत तरीके से काटे जाने की आशंका होने पर इसकी जांच कर सकेंगे।

भाजपा की ओर से कांग्रेस से पूछे जा रहे इस सवाल पर कि यदि वोट चोरी हो रही है तो क्या पार्टी चुनाव लड़ना छोड़ देगी, राव दान सिंह ने कहा कि चुनाव लड़ना कांग्रेस का अधिकार है। पार्टी चुनाव का बहिष्कार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस चुनाव से पीछे हटने के बजाय कथित धांधली रोकने के लिए लड़ाई लड़ेगी। बेईमानी करने वालों को रोकना जरूरी है।

हिमाचल प्रदेश में एसआईआर प्रक्रिया के संदर्भ में उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस प्रक्रिया का विरोध नहीं कर रही है, बल्कि इसमें किए गए कथित बदलावों पर आपत्ति जता रही है। उन्होंने विशेष रूप से फॉर्म-6 में अपनी मर्जी से एक सेक्शन जोड़े जाने का आरोप लगाया। उनके अनुसार, इस बदलाव से मतदाताओं को नुकसान पहुंचा है और कांग्रेस इसी व्यवस्था के खिलाफ आवाज उठा रही है।

सोनिया गांधी की पुस्तक को लेकर कंगना रनौत और सोशल मीडिया पर की जा रही टिप्पणियों पर राव दान सिंह ने कहा कि सोनिया गांधी ने अपनी पुस्तक में जीवन के अनुभवों और सच्चाइयों को गंभीरता और पारदर्शिता के साथ सामने रखा है। उन्होंने कहा कि सोनिया गांधी दूसरे देश से भारत आईं और यहां एक भारतीय महिला तथा नेता के रूप में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा