राहुल गांधी की हिरासत के विरोध में शिमला में कांग्रेस का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री सुक्खू भी हुए शामिल
शिमला, 07 अक्टूबर (हि.स.)। दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में लिए जाने का मुद्दा बुधवार को हिमाचल प्रदेश में भी गरमा गया। कांग्रेस ने शिमला स्थित लोक भवन के बाहर मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में धरना-प्रदर्शन किया। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी की। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के माध्यम से ज्ञापन भी सौंपा गया।
कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) की प्रक्रिया से लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। पार्टी ने चुनाव आयुक्त के इस्तीफे और एसआईआर प्रक्रिया को बंद करने की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि मतदाता सूची और चुनाव प्रक्रिया को लेकर उठ रहे सवालों का समाधान किया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को चुनाव आयोग कार्यालय की ओर जाने से रोकने और हिरासत में लिए जाने को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध दर्ज कराना हर नागरिक और राजनीतिक दल का अधिकार है।
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि देश में वोट चोरी हुई है और कांग्रेस इसी मुद्दे को जनता के बीच उठा रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने शिमला में लोक भवन के बाहर प्रदर्शन कर अपना विरोध दर्ज कराया है। आने वाले दिनों में प्रदेशभर में धरना-प्रदर्शन किए जाएंगे।
सुक्खू ने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखना जरूरी है और कांग्रेस इस मुद्दे पर अपना संघर्ष जारी रखेगी। उन्होंने भाजपा पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा लोकतंत्र की हत्या कर रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार सहित पार्टी के कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। प्रदर्शन के बाद राज्यपाल के माध्यम से ज्ञापन सौंपकर कांग्रेस ने अपनी मांगें रखीं।
गौरतलब है कि मंगलवार को दिल्ली में राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा सहित विपक्षी नेताओं ने चुनाव आयोग के खिलाफ प्रदर्शन किया था। विपक्षी नेता चुनाव आयोग कार्यालय की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन उन्हें आगे जाने से रोक दिया गया। इसके बाद विपक्षी नेताओं ने आकाशवाणी भवन परिसर में धरना दिया। बाद में पुलिस ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा को हिरासत में लिया था। दोनों को बाद में रिहा कर दिया गया। कांग्रेस सहित 18 विपक्षी दल चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और एसआईआर प्रक्रिया को लेकर विरोध जता रहे हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा