राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले पर कांग्रेस का प्रदर्शन, भाजपा पर लगाए गंभीर आरोप
शिमला, 14 जुलाई (हि.स.)। अयोध्या के राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर कांग्रेस ने मंगलवार को हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में विरोध प्रदर्शन किया। प्रदेश कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन से शिमला के ऐतिहासिक राम मंदिर तक यात्रा निकाली और भाजपा के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि भाजपा भगवान राम के नाम पर राजनीति करती रही है और अब राम मंदिर से जुड़े मामले में भी जवाब देने से बच रही है। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
प्रदर्शन के दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (एआईसीसी) के प्रवक्ता और विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी का मामला देश के करोड़ों लोगों की आस्था से जुड़ा हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह केवल आर्थिक अनियमितता का मामला नहीं है, बल्कि करोड़ों श्रद्धालुओं के विश्वास पर चोट है। राठौर ने कहा कि कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर देशभर में आवाज उठा रही है और इसी कड़ी में शिमला में भी विरोध मार्च निकाला गया। उन्होंने भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि भगवान राम किसी एक राजनीतिक दल की संपत्ति नहीं हैं।
कुलदीप सिंह राठौर ने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार राम के नाम पर सत्ता में आई, लेकिन अब राम मंदिर से जुड़े इस मामले में गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जांच के नाम पर केवल छोटे लोगों को निशाना बनाया जा रहा है, जबकि बड़े जिम्मेदार लोगों तक कार्रवाई नहीं पहुंच रही।
उन्होंने इस मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। हालांकि उन्होंने कहा कि उन्हें सर्वोच्च न्यायालय पर भरोसा है और उम्मीद है कि मामले की निष्पक्ष जांच होगी तथा सच्चाई सामने आएगी।
शिमला शहरी कांग्रेस के जिलाध्यक्ष इंद्रजीत सिंह ने कहा कि भाजपा पिछले तीन दशकों से भगवान राम के नाम पर राजनीति करती रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के नाम पर लोगों से चंदा जुटाया गया और अब उसी चढ़ावे की कथित चोरी का मामला सामने आया है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस की मांग है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच हो और जो भी दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए। इंद्रजीत सिंह ने कहा कि भगवान राम करोड़ों लोगों की आस्था के केंद्र हैं और उन पर किसी राजनीतिक दल का अधिकार नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि कांग्रेस भी भगवान राम में समान आस्था रखती है और इसी कारण इस मुद्दे को गंभीरता से उठा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि वे भगवान राम से प्रार्थना करेंगे कि इस मामले में शामिल लोगों को सद्बुद्धि मिले।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा