निकाय चुनावों को लेकर भाजपा फैला रही भ्रम : कांग्रेस
शिमला, 10 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि भाजपा नगर निकायों व पंचायतीराज संस्थाओं के आगामी चुनावों में संभावित हार को देखते हुए प्रदेश की कांग्रेस सरकार पर झूठे आरोप लगा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू पहले ही घोषणा कर चुके हैं कि चुनाव 31 मई से पहले करवा दिए जाएंगे।
विनय कुमार ने प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल द्वारा रोस्टर को लेकर लगाए गए आरोपों को पूरी तरह निराधार और तथ्यों से परे बताया। उन्होंने कहा कि चुनाव रोस्टर में पूरी पारदर्शिता बरती गई है और इसमें सभी वर्गों, जातियों तथा महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने भाजपा की आलोचना करते हुए कहा कि पार्टी चुनावों को लेकर प्रदेश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, लेकिन इसमें सफल नहीं होगी। कांग्रेस ने हमेशा लोकतंत्र का सम्मान किया है और लोकतंत्र में जनमत सर्वोपरि होता है।
विनय कुमार ने कहा कि भाजपा को हर मुद्दे पर राजनीतिक लाभ लेने की आदत है, लेकिन अब यह ज्यादा समय तक नहीं चलने वाला। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा ने प्रदेश की अर्थव्यवस्था को नुकसान पहुंचाया है और अब प्रदेश के हितों से भी किनारा कर रही है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा का असली चेहरा देख चुकी है और अब उसके किसी भी बहकावे में आने वाली नहीं है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला