कांग्रेस की जन संकल्प रैली में 25 हजार जुटाने का लक्ष्य, नहीं बनेंगे कार्यकारी अध्यक्ष
शिमला, 06 दिसंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सुक्खू सरकार के तीन साल पूरे होने पर मंडी में होने वाली रैली को ऐतिहासिक बनाने की तैयारी की जा रही है। कांग्रेस ने इस रैली में 25 हजार लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा है। इस मौके पर सरकार मिशन रिपीट का बिगुल फूंकते हुए आगामी विधानसभा चुनावों के लिए माहौल बनाने की कोशिश करेगी। वहीं कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार ने स्पष्ट किया कि फिलहाल प्रदेश में कोई कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त नहीं किया जाएगा।
शिमला में शनिवार को पत्रकारों से बातचीत में विनय कुमार ने कहा कि सरकार के तीन वर्ष पूरे होने पर मंडी में भव्य जन संकल्प रैली आयोजित की जाएगी। उन्होंने दावा किया कि मंडी में आपदा से सबसे ज्यादा नुकसान हुआ था और सरकार ने आपदा के समय बेहतर कार्य किया है। इस रैली के माध्यम से लोगों को सरकार की उपलब्धियों से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि भले ही कांग्रेस संगठन अभी पूरी तरह मजबूत नहीं है, लेकिन कांग्रेस विचारधारा से जुड़े लोग बड़ी संख्या में रैली में शामिल होंगे।
विनय कुमार ने भाजपा की बीते दिनों धर्मशाला में आयोजित ज़न आक्रोश रैली पर टिप्पणी करते हुए कहा कि भाजपा की रैली में केवल 4 से 5 हजार लोग ही जुट पाए, जो सत्ता परिवर्तन के दावे को साबित नहीं करता। उन्होंने कहा कि धर्मशाला की रैली नेताओं के अपने-अपने शक्ति प्रदर्शन के अलावा कुछ नहीं थी और भाजपा के भीतर विभाजन साफ दिखा।
प्रदेश संगठन के विस्तार की योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि पहले ब्लॉक स्तर पर संगठन गठन होगा, उसके बाद जिला अध्यक्ष नियुक्त किए जाएंगे। 8 दिसंबर तक संगठन सृजन अभियान की सूची पर्यवेक्षक हाईकमान को सौंप देंगे, जिसके बाद ऊर्जावान कार्यकर्ताओं को संगठन में जिम्मेदारी दी जाएगी। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नेताओं के साथ महिलाओं और युवाओं को भी संगठन में महत्वपूर्ण भूमिकाएं सौंपी जाएंगी। पंचायत चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करने वाले कार्यकर्ताओं को भी सम्मानजनक स्थान मिलेगा।
कांग्रेस में कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने की चर्चाओं पर विनय कुमार ने साफ कहा कि फिलहाल ऐसा कोई निर्णय नहीं लिया गया है और निकट भविष्य में कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि पार्टी में समन्वय बनाकर आगे बढ़ा जाएगा और सभी वर्गों को सम्मान मिलेगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा