विनय कुमार का जयराम ठाकुर पर निशाना, चुनाव आयोग को लेकर लगाए आरोप
शिमला, 29 सितंबर (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की प्रेस वार्ता पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उन्होंने दिल्ली से आए अपने नेताओं के लिखित संदेश को पढ़कर मुख्य चुनाव आयुक्त का बचाव करने का प्रयास किया। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग के फैसलों और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली को लेकर देश के सामने कई गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
विनय कुमार ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर वोटों की चोरी की गई तथा एसआईआर के माध्यम से 13 करोड़ से अधिक मतदाताओं को उनके मताधिकार से वंचित करने का प्रयास हुआ। उन्होंने भाजपा पर देश के लोकतांत्रिक ढांचे को नुकसान पहुंचाने का आरोप लगाते हुए कहा कि जनता अब उसे सत्ता से बाहर करने का मन बना चुकी है।
उन्होंने कहा कि नई दिल्ली में कांग्रेस कार्यसमिति की बैठक में राहुल गांधी ने स्पष्ट किया है कि कांग्रेस संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए देश की जनता के साथ मजबूती से खड़ी है। विनय कुमार ने कहा कि कांग्रेस देशभर में भाजपा और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ लगाए जा रहे आरोपों को जनता के सामने रखेगी और इन मामलों को उजागर करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला