ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों के काम की हर तीन महीने में होगी समीक्षा : विनय कुमार
शिमला, 25 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्षों को संगठन के काम पूरी ईमानदारी और निष्ठा से करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अब हर तीन महीने में ब्लॉक अध्यक्षों के काम की समीक्षा की जाएगी और बेहतर प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों को संगठन में विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा।
विनय कुमार शनिवार को प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में शिमला, सोलन, सिरमौर और किन्नौर जिलों के ब्लॉक अध्यक्षों की बैठक को संबोधित कर रहे थे। इसमें पार्टी संगठन को मजबूत करने और आने वाले चुनावों की तैयारी पर चर्चा की गई।
विनय कुमार ने कहा कि ब्लॉक अध्यक्षों की जिम्मेदारी है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में अधिक से अधिक लोगों को पार्टी से जोड़ें और पार्टी की नीतियों का प्रचार-प्रसार करें। उन्होंने उन लोगों को भी फिर से पार्टी से जोड़ने की अपील की, जो किसी कारणवश दूर हो गए हैं।
उन्होंने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना बेहद जरूरी है और इसके लिए बूथ कमेटियों का गठन और बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की नियुक्ति जल्द की जानी चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनावों को ध्यान में रखते हुए अभी से जमीनी स्तर पर काम शुरू करना जरूरी है। साथ ही नगर निकाय और पंचायती राज संस्थाओं के चुनावों में पार्टी से जुड़े कार्यकर्ताओं को आगे लाकर उनकी जीत सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
बैठक में प्रदेश कांग्रेस महासचिव (संगठन) विनोद जिंटा ने संगठनात्मक ढांचे और अनुशासन पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी इन चुनावों में पूरी मजबूती के साथ उतरेगी और सभी पदाधिकारियों को समय का विशेष ध्यान रखना होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पंचायती राज और नगर निकाय चुनावों में आधिकारिक तौर पर उम्मीदवार घोषित नहीं करेगी, लेकिन पार्टी के साथ जुड़े लोगों का समर्थन करेगी।
विनोद जिंटा ने ब्लॉक कमेटियों के गठन की प्रक्रिया की जानकारी देते हुए बताया कि पूरे प्रदेश को रेड, येलो और ग्रीन जोन में बांटकर पदाधिकारियों के काम का मूल्यांकन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी ब्लॉकों में पांच स्तर की समितियां बनाई जाएंगी, जिनमें ब्लॉक कार्यकारिणी, जोन अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष और पृष्ठ प्रभारी शामिल होंगे। यह काम 15 जुलाई तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने यह भी कहा कि हर महीने 1 से 10 तारीख के बीच ब्लॉक स्तर पर बैठक करना अनिवार्य होगा। ब्लॉक कमेटियों को सीमित रखने पर भी जोर दिया गया, जिसमें तय संख्या में उपाध्यक्ष, महासचिव, सचिव और अन्य पदाधिकारी शामिल होंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा