भाजपा पहले नीट पेपर लीक और राम मंदिर चंदा घोटाले पर जवाब दे, फिर कांग्रेस पर सवाल उठाए : हिमाचल कांग्रेस
शिमला, 16 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि भाजपा जन आंदोलन के नाम पर कांग्रेस के खिलाफ कितनी भी समितियां बना ले, लेकिन प्रदेश की जनता अब उसके बहकावे में आने वाली नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि गंभीर भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी भाजपा लोगों का ध्यान भटकाने के लिए ऐसे प्रयास कर रही है।
वीरवार को जारी एक प्रेस बयान में विनय कुमार ने कहा कि भाजपा को सबसे पहले कथित नीट पेपर लीक और राम मंदिर चंदे में हुई कथित अनियमितताओं पर देश के सामने जवाब देना चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा को साहस दिखाते हुए उन नेताओं के नाम भी सार्वजनिक करने चाहिए, जो इन मामलों में कथित रूप से शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रदेशभर में भाजपा के खिलाफ युवाओं के भविष्य से खिलवाड़, नीट और सीबीएसई पेपर लीक तथा राम मंदिर चंदे में कथित गड़बड़ियों को प्रमुख मुद्दा बनाएगी। उनके अनुसार, इन मामलों से भाजपा की साख को नुकसान पहुंचा है और इसी कारण पार्टी कथित बड़े दोषियों पर कार्रवाई करने से बच रही है।
विनय कुमार ने कहा कि केंद्र सरकार के खिलाफ कांग्रेस द्वारा जिला स्तर पर आयोजित नीट पेपर लीक और राम मंदिर चंदा मामले को लेकर किए गए विरोध प्रदर्शन सफल रहे हैं। अब दूसरे चरण में प्रदेश के सभी ब्लॉकों में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता इन मुद्दों को लेकर आंदोलन तेज करेंगे।
उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर के नाम पर राजनीति करने वाली भाजपा अब कथित वित्तीय अनियमितताओं के आरोप सामने आने के बाद जवाब देने से बच रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को इन आरोपों की निष्पक्ष जांच उच्चतम न्यायालय के किसी न्यायाधीश की निगरानी में करानी चाहिए।
विनय कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंदिर निर्माण के दौरान देश-विदेश के लोगों से उदारतापूर्वक दान देने की अपील की थी। ऐसे में अब सरकार को मंदिर निर्माण के लिए प्राप्त कुल चंदे, उसके उपयोग और अब तक हुए खर्च का पूरा ब्योरा सार्वजनिक करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि मंदिर निर्माण से संबंधित आय-व्यय की विस्तृत ऑडिट रिपोर्ट देश के सामने रखी जाए।
उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम का मंदिर पूरे देश की आस्था और धरोहर है। इसलिए इसके आय-व्यय का पूरा लेखा-जोखा समय-समय पर सार्वजनिक किया जाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला