2 से 8 अक्टूबर तक कांग्रेस मनाएगी लोकतंत्र बचाओ सप्ताह, जिलों में निकलेगा ‘वोट बचाओ मार्च’
शिमला, 01 अक्टूबर (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के दिशानिर्देश पर कांग्रेस के नेतृत्व में इंडिया गठबंधन की ओर से 2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में जिला स्तर पर ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ मनाया जाएगा। इस दौरान विभिन्न जिलों में ‘वोट बचाओ मार्च’ का भी आयोजन किया जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने पार्टी के सभी जिला अध्यक्षों को अपने-अपने जिलों में अभियान को सफलतापूर्वक आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने इस संबंध में एक सर्कुलर जारी कर पार्टी के सभी नेताओं, पीसीसी पदाधिकारियों, पूर्व पदाधिकारियों, जिला एवं ब्लॉक स्तर के पदाधिकारियों तथा अग्रणी संगठनों और विभागों के पदाधिकारियों की अभियान में उपस्थिति सुनिश्चित करने को कहा है।
विनोद जिंटा ने कहा कि अभियान के दौरान भारत निर्वाचन आयोग के कथित संस्थागत कब्जे के मुद्दे को उठाया जाएगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस की ओर से मुख्य निर्वाचन आयुक्त को हटाने, उनके खिलाफ मुकदमा चलाने और गिरफ्तारी की मांग भी अभियान का प्रमुख मुद्दा रहेगी।
उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन की बैठक में इन मुद्दों को आगे बढ़ाने के लिए 2 से 8 अक्टूबर तक देशभर में कांग्रेस के नेतृत्व में ‘लोकतंत्र बचाओ सप्ताह’ मनाने का निर्णय लिया गया है। इसके तहत सभी जिलों में कांग्रेस और उसके सहयोगी दलों की ओर से ‘वोट बचाओ मार्च’ निकाला जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला