नीट व परीक्षा अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस शनिवार को निकालेगी कैंडल मार्च
शिमला, 24 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने प्रदेश की सभी जिला कांग्रेस कमेटियों के अध्यक्षों को अपने-अपने जिला मुख्यालयों पर 25 जुलाई शनिवार को सायं 7 बजे केंद्र सरकार के खिलाफ कैंडल मार्च आयोजित करने के निर्देश दिए हैं। यह मार्च नीट पेपर लीक तथा विभिन्न प्रतियोगी एवं बोर्ड परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं और धांधलियों के विरोध में निकाला जाएगा।
प्रदेश कांग्रेस की ओर से जारी निर्देशों के अनुसार, सभी जिला अध्यक्षों को कार्यक्रम की व्यापक तैयारियां सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि अधिक से अधिक कार्यकर्ताओं और आम लोगों की भागीदारी हो सके।
कांग्रेस ने इस कैंडल मार्च में क्षेत्र के सभी वरिष्ठ नेताओं, विधायकों, पूर्व विधायकों, प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के वर्तमान एवं पूर्व पदाधिकारियों, जिला एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटियों के पदाधिकारियों, पार्टी के अग्रणी संगठनों और विभिन्न विभागों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा नगर निगमों के कांग्रेस पार्षदों को भी इस कार्यक्रम में शामिल होने के लिए कहा गया है।
उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे बड़ी संख्या में कैंडल मार्च में भाग लेकर युवाओं के भविष्य की सुरक्षा और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था के समर्थन में अपनी एकजुटता का संदेश दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला