पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों और महंगाई के खिलाफ कांग्रेस का देशव्यापी आंदोलन 22 मई से
शिमला, 21 मई (हि.स.)। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार देश में लगातार बढ़ रही पेट्रोल-डीजल की कीमतों और महंगाई के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने 22 मई से देशव्यापी आंदोलन शुरू करने का निर्णय लिया है।
इस संबंध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने हिमाचल प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सभी जिला एवं ब्लॉक अध्यक्षों को निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि 22 या 23 मई को अपने-अपने ब्लॉकों में तथा 25 मई को जिला मुख्यालयों में केंद्र सरकार के खिलाफ धरना-प्रदर्शन आयोजित किए जाएं।
प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री विनोद जिंटा ने एक सर्कुलर जारी कर सभी जिला और ब्लॉक अध्यक्षों से इस आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया है।
उन्होंने निर्देश दिए हैं कि धरना-प्रदर्शन में पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं, क्षेत्रीय कांग्रेस विधायकों, पूर्व विधायकों, पीसीसी पदाधिकारियों, अग्रणी संगठनों एवं विभागों के पदाधिकारियों सहित अधिक से अधिक पार्टी कार्यकर्ताओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाए।
कांग्रेस ने आरोप लगाया है कि बढ़ती महंगाई और ईंधन की कीमतों से आम जनता पर भारी आर्थिक बोझ पड़ रहा है, जिसके विरोध में पार्टी सड़क से लेकर जिला मुख्यालय तक आवाज बुलंद करेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला