स्थानीय निकायों के चुनावों में कांग्रेस की होगी जीत : विनय कुमार
शिमला, 22 अप्रैल (हि.स.)। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार ने कहा है कि प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं, नगर निकायों व 4 नगर निगमों के चुनावों में कांग्रेस अपनी शानदार जीत का परचम लहरायेगी। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस के पास जनहित व विकास के मुद्दे है जबकि भाजपा के पास केवल झूठ व लुभानी बाते।
विनय कुमार ने बुधवार नगर निकायों व 4 नगर निगमों की चुनावी घोषणा का स्वागत करते हुए कहा है कि कांग्रेस ने हमेशा ही लोकतंत्र की परम्पराओं को निभाया है। उन्होंने कहा है कि कांग्रेस पंचायती राज व नगर निकायों के चुनावों में कांग्रेस की विचारधारा से जुड़े लोगों का पुरजोर समर्थन करेगी। उन्होंने कहा कि लोग भाजपा के झूठ व षड्यंत्रों को देख चुकी है इसलिए अब कोई भी इनके झांसे में आने वाले नही।
विनय कुमार ने कहा कि भाजपा का इन चुनावों में धनबल भी काम नही आएगा।उन्होंने लोगों का आह्वान किया है कि वह इन चुनावों में कांग्रेस पार्टी की विचारधारा को मजबूत करते हुए पार्टी से जुड़े लोगों को चुन कर आगे लाये जो प्रदेश की कांग्रेस सरकार के साथ पूरे तालमेल से क्षेत्र के विकास के प्रति कृत संकल्प हो। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इन चुनावों में अच्छा कार्य करने वाले पार्टी कार्यकर्ताओं को पूरा मान सम्मान देगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला