उपायुक्त ने की नगर निगम हमीरपुर के लिए प्रस्तावित प्रोजेक्टों की समीक्षा

 


हमीरपुर, 07 अप्रैल (हि.स.)। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने नगर निगम हमीरपुर के लिए प्रस्तावित बड़ी विकासात्मक परियोजनाओं से संबंधित सभी आवश्यक औपचारिकताओं को पूर्ण करने के लिए मंगलवार को नगर निगम और अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। इस बैठक में मुख्यतः हमीरपुर के अंतर्राज्यीय बस अड्डे को भविष्य में नए निर्माणाधीन बस स्टैंड के परिसर में शिफ्ट करने और इस जगह पर सिटी सेंटर के निर्माण से संबंधित औपचारिताओं पर व्यापक चर्चा की गई।

उपायुक्त ने नगर निगम और एचआरटीसी के अधिकारियों तथा तहसीलदार को वर्तमान बस अड्डे की जमीन की गिफ्ट डीड की प्रक्रिया को अतिशीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस अड्डे से डीजल पंप को शिफ्ट करने में सबसे ज्यादा वक्त लग सकता है। एचआरटीसी और लोक निर्माण विभाग के अधिकारी इसके लिए आवश्यक कदम उठाएं। उपायुक्त ने ग्रामीण विकास एवं पंचायतीराज विभाग से कहा कि वे निगम में शामिल हुई ग्राम पंचायतों की संपत्तियों को निगम को हस्तांतरित करने की प्रक्रिया को अतिशीघ्र पूरा करें। उन्होंने निगम के अधिकारियांे को ट्राला यूनियन के लिए जमीन के एफआरए से संबंधित मामला तैयार करने के निर्देश दिए।

आवारा कुत्तों की समस्या पर चर्चा के दौरान उपायुक्त ने पशुपालन विभाग के अधिकारियों को कुत्तों की वैक्सीनेशन और नसबंदी के लिए निगम के साथ समन्वय स्थापित करने तथा आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए निगम के कर्मचारियों के प्रशिक्षण की व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बैठक में कई अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी चर्चा की गई।

इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग, निगम के आयुक्त राकेश शर्मा, अतिरिक्त आयुक्त राम प्रसाद शर्मा, एचआरटीसी के डीएम राजकुमार पाठक, आरएम राहुल कुमार, जिला राजस्व अधिकारी नरेश पटियाल और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा