हर साल एक पौधा लगाएं और उसकी देखभाल करें: मुख्यमंत्री सुक्खू

 


शिमला, 06 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने लोगों से हर वर्ष कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी नियमित देखभाल करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि पौधों के जीवित रहने और उनके संरक्षण पर भी समान ध्यान दिया जाना चाहिए। उनका कहना था कि यदि प्रदेश का हर व्यक्ति हर साल एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो यह प्रकृति और आने वाली पीढ़ियों के लिए बड़ा योगदान होगा।

मुख्यमंत्री ने यह बात गुरुवार को शिमला स्थित अपने आधिकारिक आवास ओक ओवर में नगर निगम शिमला के 'ग्रीन शिमला, अवर शिमला' अभियान के तहत सप्ताह भर चलने वाले पौधरोपण सप्ताह की शुरुआत के दौरान कही। उन्होंने स्वयं पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया और प्रदेशवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पौधे लगाने की अपील की। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए लोगों की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है और इस दिशा में सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नगर निगम शिमला ने इस वर्ष अभियान के तहत 5 हज़ार से 10 हज़ार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है। उन्होंने कहा कि यह अभियान लगातार तीसरे वर्ष चलाया जा रहा है। पिछले वर्ष नगर निगम ने चमियाना पहाड़ी क्षेत्र को गोद लेकर वहां करीब 3,000 पौधे लगाए थे। इस वर्ष भी उसी क्षेत्र में 3,000 अतिरिक्त पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि पिछले वर्ष लगाए गए पौधों के जीवित रहने की दर उत्साहजनक रही है, जिससे इस अभियान के अच्छे परिणाम सामने आए हैं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने नगर निगम के पार्षदों को बान और देवदार के पौधे भी वितरित किए। उन्होंने कहा कि सप्ताह भर चलने वाले इस अभियान में प्रदेश सरकार के मंत्री भी अलग-अलग स्थानों पर पौधरोपण कार्यक्रमों में भाग लेंगे। उनका कहना था कि जनभागीदारी से ऐसे अभियान और अधिक प्रभावी बनते हैं तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश समाज के हर वर्ग तक पहुंचता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा