भाजपा के 28 में से 16 विधायक अगला विधानसभा चुनाव नहीं जीत पाएंगे : मुख्यमंत्री सुक्खू

 


शिमला, 04 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु ने हिमाचल प्रदेश की राजनीति को लेकर बड़ा दावा किया। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हिमाचल प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की स्थिति कमजोर होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा 28 भाजपा विधायकों में से 16 विधायक अगला विधानसभा चुनाव जीतकर सदन में वापस नहीं आ पाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियां बदल रही हैं और इसका असर आगामी विधानसभा चुनाव में देखने को मिलेगा।

मुख्यमंत्री मंगलवार को शिमला में पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत कर रहे थे।

बता दें कि 68 सदस्यीय प्रदेश विधानसभा में वर्तमान में कांग्रेस के 40 और भाजपा के 28 विधायक हैं।

पत्रकारों ने नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर की उस नाराजगी पर भी सवाल पूछा, जिसमें कहा गया था कि सरकारी कार्यक्रमों में उनकी सरकार के कार्यों का उल्लेख नहीं किया गया। इस पर मुख्यमंत्री सुक्खु ने कहा कि उनकी सरकार सभी का सम्मान करती है।

उन्होंने कहा कि इस संबंध में एक कार्यक्रम पहले से तय किया गया है और सरकार ने उसमें केवल अपनी नीतियों और कार्यों की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि इसमें किसी तरह की नाराजगी जैसी कोई बात नहीं है।

बिहार उपचुनाव के परिणामों पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने कहा कि इन नतीजों का राष्ट्रीय राजनीति में अपना महत्व है। उन्होंने कहा कि जिस विधानसभा क्षेत्र से एक राष्ट्रीय अध्यक्ष जुड़े थे, वहां जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर की जीत एक बड़ी राजनीतिक घटना है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनका मानना है कि बिहार में भारतीय जनता पार्टी की सरकार के दौरान मुख्यमंत्री बदले जाने के बाद पार्टी का राजनीतिक ग्राफ गिरना शुरू हुआ है। उन्होंने कहा कि चुनावी परिणाम कई परिस्थितियों पर निर्भर करते हैं, फिर भी उनका मानना है कि बिहार उपचुनाव के नतीजों का लाभ कांग्रेस को मिलेगा।

युवाओं के प्रदर्शन से जुड़े सवाल पर मुख्यमंत्री सुक्खु ने कहा कि लोकतंत्र में युवाओं को अपनी बात रखने और शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि जब युवाओं को किसी नीति पर आपत्ति होती है तो वे अपनी आवाज उठाते हैं और यह लोकतांत्रिक व्यवस्था की एक स्वस्थ परंपरा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र में लोगों की बात सुनना और उनके विचारों का सम्मान करना जरूरी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा