मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार राम सुभग सिंह का दो साल और बढ़ा कार्यकाल
शिमला, 31 जुलाई (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश की नौकरशाही के अनुभवी चेहरों में शामिल सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राम सुभग सिंह की पारी मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार (प्रिंसिपल एडवाइजर) के रूप में जारी रहेगी। पूर्व भाजपा सरकार में प्रदेश के मुख्य सचिव रह चुके राम सुभग सिंह का कार्यकाल सुक्खू सरकार ने दो साल के लिए और बढ़ा दिया है। इसके साथ ही वह मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार के रूप में पहले की तरह अपनी जिम्मेदारियां निभाते रहेंगे।
हिमाचल प्रदेश के कार्मिक विभाग (नियुक्ति-1) ने 30 जुलाई 2026 को इस संबंध में अधिसूचना जारी की है। अधिसूचना के अनुसार, राज्यपाल ने 1987 बैच के सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी राम सुभग सिंह की मुख्यमंत्री के प्रधान सलाहकार के पद पर नियुक्ति की अवधि 1 अगस्त 2026 से दो साल के लिए बढ़ाने की मंजूरी दी है। आदेश में यह भी कहा गया है कि यह विस्तार अगले आदेश जारी होने तक प्रभावी रहेगा। यानी उनका कार्यकाल 1 अगस्त 2026 से दो साल या अगले आदेश जारी होने तक, जो भी पहले हो, रहेगा।
राम सुभग सिंह हिमाचल प्रदेश के सबसे वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारियों में रहे हैं। वह पूर्व भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रदेश के मुख्य सचिव भी रहे। सेवानिवृत्ति के बाद सुक्खू सरकार ने उन्हें मुख्यमंत्री का प्रधान सलाहकार नियुक्त किया था। अब सरकार ने लगातार तीसरी बार उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाने का फैसला लिया है।
कार्मिक विभाग की अधिसूचना में कहा गया है कि यह फैसला 31 जुलाई 2023 और 27 सितंबर 2024 को जारी किए गए पहले के आदेशों की निरंतरता में लिया गया है। इससे साफ है कि सरकार प्रशासनिक मामलों में उनके लंबे अनुभव का उपयोग आगे भी करती रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा