हिमाचल में गरीब परिवारों के लिए नई स्वास्थ्य बीमा योजना लाएगी सरकार : मुख्यमंत्री सुक्खू

 


शिमला, 04 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश सरकार राज्य के गरीब परिवारों के लिए नई स्वास्थ्य बीमा नीति लाने की तैयारी कर रही है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने मंगलवार को स्वास्थ्य विभाग की उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए कहा कि नई नीति के तहत गरीब परिवारों को 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सुविधा बहुत कम प्रीमियम पर मिलेगी। मुख्यमंत्री के अनुसार, इस तरह की व्यवस्था लागू करने वाला हिमाचल प्रदेश देश का पहला राज्य होगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि नई स्वास्थ्य बीमा नीति के दायरे में प्रदेश के करीब 10 लाख परिवारों को शामिल करने की योजना है। इसमें समाज के विभिन्न वर्गों को जगह दी जाएगी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत बड़े और उच्च स्तरीय अस्पतालों को भी सूचीबद्ध किया जाएगा। उनका कहना था कि आर्थिक तंगी के कारण कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति अच्छे इलाज से वंचित न रहे, इसी उद्देश्य को ध्यान में रखकर नई नीति का मसौदा तैयार किया जा रहा है।

बैठक में मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत बनाने पर भी जोर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार अस्पतालों और सरकारी मेडिकल कॉलेजों में सुविधाओं का लगातार विस्तार कर रही है। मेडिकल जांच सेवाओं को आधुनिक और स्वचालित बनाने की दिशा में भी काम चल रहा है। इससे मरीजों को जांच रिपोर्ट जल्दी मिलेगी और इलाज की प्रक्रिया आसान होगी। उन्होंने कहा कि जिला अस्पतालों और सभी सरकारी मेडिकल कॉलेजों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है, जिससे लोगों को अपने जिले या आसपास ही गुणवत्तापूर्ण इलाज मिल सके।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी चिकित्सा उपकरणों की खरीद अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स), नई दिल्ली के मानकों के अनुसार की जाए। उन्होंने सरकारी मेडिकल कॉलेजों के रेडियोलॉजी विभागों को और मजबूत करने के भी निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य हिमाचल में ही विश्वस्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, जिससे लोगों को इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा