मंडी के देवरी स्कूल भवन का मुख्यमंत्री सुक्खू ने किया वर्चुअल उदघाटन, प्रियंका गांधी सितंबर में छात्रों से करेंगी मुलाकात
शिमला, 18 अगस्त (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के देवरी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के नए भवन में मंगलवार से कक्षाएं शुरू हो गईं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिमला से वर्चुअल माध्यम से स्कूल में कक्षाएं शुरू होने के कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने छात्रों को नए भवन में पढ़ाई शुरू होने पर बधाई दी और स्कूल के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय देवरी का पुराना भवन 14 अगस्त
2023 को हुई भारी बारिश के दौरान पूरी तरह बह गया था। इसके बाद स्कूल भवन का पुनर्निर्माण कराया गया। नए वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भवन के निर्माण पर 3.62 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। वहीं, राजकीय प्राथमिक विद्यालय देवरी के भवन का निर्माण करीब 70 लाख रुपये की लागत से हुआ है।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कार्यक्रम में कहा कि कांग्रेस महासचिव और सांसद प्रियंका गांधी भी नए स्कूल भवन के उद्घाटन के मौके पर देवरी आना चाहती थीं। खराब मौसम के कारण वह यहां नहीं पहुंच सकीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रियंका गांधी स्कूल के विद्यार्थियों से मिलना और उनसे बातचीत करना चाहती हैं। वह सितंबर में देवरी आकर छात्रों से मुलाकात करेंगी।
मुख्यमंत्री ने स्कूल के पुनर्निर्माण में स्थानीय लोगों के योगदान की सराहना की।
उन्होंने कहा कि स्थानीय समुदाय ने स्कूल के लिए महत्वपूर्ण सहयोग दिया है। मुख्यमंत्री ने चिंतादेवी, दासी देवी और पुन्नी देवी का विशेष रूप से आभार जताया, जिन्होंने स्कूल के निर्माण के लिए शिक्षा विभाग को एक बीघा से अधिक जमीन दान की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आपदा में क्षतिग्रस्त हुए स्कूल भवनों का आधुनिक सुविधाओं के साथ पुनर्निर्माण कर रही है। शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए शिक्षा नीति में भी कई बदलाव किए जा रहे हैं। सरकार का प्रयास है कि विद्यार्थियों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ अच्छी सुविधाएं मिलें।
उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के परिणाम अब शिक्षा के क्षेत्र में दिखाई दे रहे हैं। हिमाचल प्रदेश वर्ष 2021 में शिक्षा के क्षेत्र में 21वें स्थान पर था, जबकि अब राज्य पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।
कार्यक्रम के दौरान स्कूल के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किया। मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों को उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा