चौपाल क्षेत्र को 27 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की सौगात

 


शिमला, 17 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोमवार को शिमला जिले के चौपाल विधानसभा क्षेत्र के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से 27 करोड़ रुपये की धनराशि जारी की है। सरकार की ओर से जारी इस राशि का उपयोग क्षेत्र में चल रही और प्रस्तावित कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं के निर्माण एवं विकास कार्यों में किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने नेरवा में बनने वाले संयुक्त कार्यालय भवन के लिए दो करोड़ रुपये, चौपाल में संयुक्त कार्यालय भवन के लिए तीन करोड़ रुपये और कुपवी में संयुक्त कार्यालय भवन के लिए दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए हैं। इसके अलावा नेरवा में दुग्ध अभिशीतन संयंत्र की स्थापना के लिए दो करोड़ रुपये जारी किए गए हैं। इससे क्षेत्र के दुग्ध उत्पादकों को अपनी उपज के बेहतर संरक्षण और विपणन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

सड़क और पुल संबंधी परियोजनाओं के लिए भी बड़ी राशि स्वीकृत की गई है। मुख्यमंत्री ने नेरवा बाईपास के निर्माण के लिए चार करोड़ रुपये तथा लखावटी पुल के लिए 12 करोड़ रुपये जारी किए हैं। वहीं, छवाला-चौपाल जलापूर्ति योजना के लिए दो करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। इस योजना के पूरा होने से क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने में मदद मिलेगी।

चौपाल विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता रजनीश किमटा, हिमाचल प्रदेश बागवानी उत्पाद विपणन एवं प्रसंस्करण निगम (एचपीएमसी) के उपाध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा तथा चौपाल नगर पंचायत के पूर्व अध्यक्ष चंद्र मोहन ने इन परियोजनाओं के लिए धनराशि उपलब्ध करवाने पर मुख्यमंत्री का आभार जताया है। उनका कहना है कि इन योजनाओं को वित्तीय सहायता मिलने से क्षेत्र में विकास कार्यों को गति मिलेगी और लोगों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं के पूरा होने पर लोगों का समय और धन दोनों बचेंगे तथा दैनिक जीवन अधिक सुगम होगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा