मुख्यमंत्री सुक्खू ने एवरेस्ट विजेता रुचि ठाकुर को किया सम्मानित, एक लाख के पुरस्कार की घोषणा
शिमला, 05 जुलाई (हि.स.)। जिला मंडी की तहसील करसोग की निवासी रुचि ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू से रविवार को ओक ओवर में शिष्टाचार भेंट की। रुचि ठाकुर ने इसी साल 21 मई को माउंट एवरेस्ट पर फतेह हासिल की थी।
मुख्यमंत्री ने इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर रुचि ठाकुर को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता युवा पीढ़ी को दृढ़ संकल्प और साहस के साथ उत्कृष्टता हासिल करने के लिए प्रेरित करेगी।
उन्होंने रुचि ठाकुर को सम्मानित किया तथा उनकी इस शानदार उपलब्धि के लिए एक लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि प्रदान करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की बेटियां विभिन्न क्षेत्रों में अपनी असाधारण प्रतिभा का लोहा मनवा रही है। उनकी उपलब्धियों से प्रदेश का नाम रोशन हो रहा है और वे समाज के लिए प्रेरणास्त्रोत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा