मुख्यमंत्री सुक्खू ने दुर्गा भाभी की जयंती पर किया नमन

 


शिमला, 07 अक्टूबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आजादी की लड़ाई में अदम्य साहस और राष्ट्रभक्ति की मिसाल कायम करने वाली वीरांगना दुर्गावती देवी दुर्गा भाभी की जयंती पर उन्हें सादर नमन किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दुर्गा भाभी का जीवन त्याग, शौर्य, साहस और देशभक्ति की प्रेरणादायी गाथा है। स्वतंत्रता संग्राम के दौरान उन्होंने क्रांतिकारियों का न केवल सहयोग किया, बल्कि अनेक जोखिम भरे अभियानों में सक्रिय भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि भगत सिंह को लाहौर से सुरक्षित बाहर निकालने में दुर्गा भाभी की भूमिका उनके अदम्य साहस और देश के प्रति समर्पण का उदाहरण है। अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध गुप्त अभियानों में उन्होंने जिस निर्भीकता और दृढ़ संकल्प के साथ क्रांतिकारियों का साथ दिया, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राष्ट्र की स्वतंत्रता के लिए दुर्गा भाभी का संघर्ष और बलिदान सदैव स्मरणीय रहेगा। उनका जीवन युवाओं को देशहित में समर्पण, साहस और कर्तव्यनिष्ठा की प्रेरणा देता रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला