चंबा बस हादसे पर मुख्यमंत्री सुक्खू ने जताया दुख, सात लोगों की गई जान

 


शिमला, 08 अगस्त (हि.स.)। चंबा जिले में शनिवार सुबह हुए बस हादसे में सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हुए हैं। हादसा जिले के बैरागढ़ पटवार सर्किल के चलूंज मोड़ के पास हुआ।

मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने हादसे में सात लोगों की मौत पर गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस मुश्किल समय में प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।

मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के निकट संबंधियों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अधिकारियों से हादसे में घायल लोगों को तुरंत और बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने को कहा है।

मुख्यमंत्री ने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने कहा कि घायलों के इलाज में किसी तरह की कमी नहीं रहनी चाहिए और प्रशासन को जरूरत के अनुसार सभी आवश्यक कदम उठाने चाहिए।

मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति देने की भी कामना की।

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और संबंधित अधिकारी राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। हादसे में घायल 11 लोगों को उपचार के लिए चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों की हर संभव मदद करने के निर्देश दिए गए हैं। ---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा