सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों का ड्रेस कोड और छात्रों की यूनिफॉर्म जल्द होगी तय : सुक्खू
शिमला, 07 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शिक्षा विभाग को प्रदेश सरकार की ओर से संचालित सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों के ड्रेस कोड और छात्रों की यूनिफॉर्म जल्द तय करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्कूल भवनों के लिए अलग और एक जैसी रंग योजना तय करने को भी कहा है। मुख्यमंत्री ने सोमवार को शिक्षा विभाग की बैठक की अध्यक्षता करते हुए ये निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सीबीएसई स्कूलों में शिक्षकों के लिए ड्रेस कोड इस वर्ष 1 अक्टूबर से लागू किया जाएगा। उन्होंने इन स्कूलों के लिए अलग लोगो तय करने की प्रक्रिया को लेकर भी अधिकारियों के साथ चर्चा की और इसके लिए जरूरी औपचारिकताएं जल्द पूरी करने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इन स्कूलों में अनुशासन और समय की पाबंदी सुनिश्चित करने के लिए छात्रों की उपस्थिति दिन में तीन बार दर्ज की जाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए सीबीएसई स्कूलों को मजबूत कर रही है।
सुक्खू ने कहा कि राज्य सरकार की ओर से संचालित सीबीएसई स्कूलों में विद्यार्थियों को कम खर्च में शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके मुकाबले निजी सीबीएसई स्कूलों में शिक्षा का खर्च अधिक होता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बेहतर शिक्षा के अवसर उपलब्ध करवाना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार इन सीबीएसई स्कूलों के लिए शिक्षकों की नियुक्ति पहले ही कर चुकी है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि भविष्य में किसी भी कारण से शिक्षकों के पद खाली होने पर उन्हें प्राथमिकता के आधार पर भरा जाए। उन्होंने कहा कि स्टाफ की कमी के कारण विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित नहीं होनी चाहिए।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को सीबीएसई स्कूलों के संचालन से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि स्कूलों में बेहतर शैक्षणिक वातावरण के साथ अनुशासन और नियमित उपस्थिति पर भी विशेष ध्यान दिया जाना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा