सीएम सुक्खू के 62वें जन्मदिवस पर हमीरपुर में हर्षोल्लास, बॉक्सिंग प्रतियोगिता व एक युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान का शुभारंभ
हमीरपुर, 26 मार्च (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू के 62वें जन्मदिवस के अवसर पर कांग्रेस एवं यूथ कांग्रेस द्वारा एक कार्यक्रम आयोजित कर इसे हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। इस दौरान विभिन्न सामाजिक, खेल एवं जनजागरूकता से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और युवाओं ने भाग लिया।कार्यक्रम के तहत युवाओं को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से बॉक्सिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें स्थानीय खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर “एक युद्ध नशे के विरुद्ध” अभियान का भी विधिवत शुभारंभ किया गया।
वहीं कांग्रेस नेता डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा ने मुख्यमंत्री को जन्मदिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि हर वर्ष की भांति इस बार भी उनका जन्मदिन सेवा और जनकल्याण के कार्यों के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के दौरान हवन-यज्ञ का आयोजन कर मुख्यमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य और दीर्घायु की कामना की गई। इसके अलावा कांग्रेस और यूथ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने एकत्रित होकर केक काटकर भी खुशी जाहिर की।
डॉ. वर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री का सपना हिमाचल प्रदेश को चिट्टा मुक्त बनाना है और इसी संकल्प को आगे बढ़ाते हुए एक युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान शुरू किया गया है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ एक विशेष पोस्टर भी लॉन्च किया गया, जिससे लोगों को इस मुहिम से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की उपस्थिति रही, जिनमें रतन चंद डोगरा, कैप्टन बलदेव शर्मा, पुरुषोत्तम कालिया, डॉ. हर्ष कालिया, सुनील कौशल, किशोर चंद, पवन कुमार, गिरधारी लाल, बांकाराम, कैप्टन विक्रम सिंह, तेजनाथ, तेज मेहर चंद, यूथ कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष दिवस ठाकुर, उपाध्यक्ष रजत राणा, महासचिव रोहित प्रधान, नीलम शर्मा, अजय शर्मा, कांग्रेस सेवा दल के कार्यकारी अध्यक्ष हेमराज भारद्वाज और हेमराज नॉट सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा