मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से जनगणना में अपने सक्रिय सहयोग की अपील की
शिमला, 18 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू तथा उनकी धर्मपत्नी और विधायक कमलेश ठाकुर ने जनगणना-2027 के दूसरे चरण में आज ओकओवर, शिमला में अपनी स्व-गणना का कार्य पूर्ण किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेश के हिमाच्छादित क्षेत्रों के निवासियों से जनगणना-2027 के दूसरे चरण में सक्रिय सहयोग देने की अपील की।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के विकास और वास्तविक आवश्यकताओं के सही आकलन के लिए नागरिक 17 से 31 अगस्त, 2026 तक उपलब्ध स्व-गणना सुविधा का लाभ उठाएं तथा अपनी सही जानकारी दर्ज करें। उन्होंने प्रदेशवासियों से आग्रह किया कि 1 से 30 सितम्बर, 2026 तक घर-घर आने वाले प्रगणकों को सही विवरण उपलब्ध करवाकर इस महत्त्वपूर्ण कार्य को सफल बनाएं।
इस अवसर पर निदेशक जनगणना कार्य हिमाचल प्रदेश दीप शिखा शर्मा और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला