शहीद कुलविंदर सिंह स्कूल पर ताला जड़ना शहीदों का अपमान: डॉ. राजीव बिंदल
नाहन, 10 अप्रैल (हि.स.)। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने गिरीनगर स्थित शहीद कुलविंदर सिंह हाई स्कूल को बंद करने के प्रदेश सरकार के निर्णय पर कड़ा प्रहार किया है। डॉ. बिंदल ने इसे विद्यार्थियों के साथ अन्याय और कांग्रेस सरकार का एक बड़ा जनविरोधी कदम करार दिया है।
शहीद कुलविंदर सिंह हाई स्कूल के प्रांगण में विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों से मुलाकात के बाद डॉ. बिंदल ने कहा कि यह संस्थान पिछले 50 वर्षों से क्षेत्र की शैक्षणिक आवश्यकताओं को पूरा कर रहा था। वर्तमान में भी यहाँ 58 विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं, बावजूद इसके सरकार ने इसे बंद करने का तुगलकी फरमान जारी कर दिया है।
डॉ. बिंदल ने भावुक होते हुए कहा, “यह स्कूल कारगिल शहीद कुलविंदर सिंह के नाम पर चल रहा था। एक तरफ हम शहीदों के सम्मान की बातें करते हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार ने उनके नाम पर चल रहे स्कूल पर ताला जड़कर वीर सपूतों की शहादत का अपमान किया है।”
बिंदल ने सरकार की मंशा पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस स्कूल का अपना शानदार भवन, विशाल खेल मैदान और तमाम आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध हैं। बच्चों की संख्या भी पर्याप्त है, ऐसे में इस चलते-हुए स्कूल को बंद करने का निर्णय यह सिद्ध करता है कि वर्तमान सरकार को जनता के हितों और बच्चों के भविष्य की कोई परवाह नहीं है।
क्षेत्र के निवासियों और अभिभावकों ने डॉ. बिंदल के समक्ष स्कूल को बचाने के लिए पुरजोर मांग रखी। डॉ. बिंदल ने आश्वासन दिया कि भाजपा इस निर्णय का कड़ा विरोध करती है और मांग करती है कि इसे तुरंत वापस लिया जाए। उन्होंने महामहिम राज्यपाल से भी आग्रह किया है कि वे इस मामले में हस्तक्षेप करें और प्रदेश सरकार को स्कूल बंद न करने के कड़े आदेश दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर