लोक सभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने लांच किया मंडी की सी.के. मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट
मंडी, 03 अप्रैल (हि.स.)। लोक सभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने मंडी जिला के गोहर क्षेत्र की महिला की याद में बने सीके मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट को लांच किया। इस ट्रस्ट का मुख्यालय मंडी जिला के चैलचौक में रखा गया है और इसका कार्य क्षेत्र पूरा हिमाचल प्रदेश होगा।
हिमाचली मूल के दिल्ली पुलिस के रिटायर्ड इस्पेक्टर किशोरी लाल शर्मा ने 31 मार्च 2026 को अपनी सेवनिवृति के बाद स्वर्गीय पत्नी चंदरकांता शर्मा की याद में इस ट्रस्ट का संचालन शुरू किया है । उनकी पत्नी चंदरकांता शर्मा ने वर्ष नवंबर 2021 कैंसर से जूझते हुए इस नश्वर शरीर को छोड़ा था। इ
स अवसर पर लोक सभा सांसद अनुराग सिंह ठाकुर ने स्वर्गीय चंदरकांता शर्मा को श्रद्धा सुमन अर्पित किए और भावभीनी श्रद्धांजली दी। उन्होंने स्वर्गीय चंदरकांता शर्मा द्वारा हिमाचल मित्र मंडल के गठन और इसकी सामाजिक, चैरिटेबल क्षेत्र में गतिविधियों में उनकी भूमिका को याद किया और करोना संकट में दिल्ली में बसे हिमाचलियों को ऑक्सीजन गैस सिलिंडर और राशन पहुंचाने में उनकी भूमिका की प्रशंसा की।
उन्होंने किशोरी लाल शर्मा द्वारा अपनी पत्नी की याद में शुरू किए गए इस ट्रस्ट के लिए उन्हें साधुवाद देते हुए कहा की यह सच्चे प्रेम की एक नई कहानी है जोकि समाज के लिए एक पॉजिटिव संदेश देती है। उन्होंने इसे समर्पण, त्याग और तपस्या बताते हुए कहा की किशोरी लाल शर्मा द्वारा सेवानिवृति से मिले पैसे से ट्रस्ट चलाना उनकी सामाजिक सेवा के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
उन्होंने इस ट्रस्ट के पूरा सहयोग देने का आश्वासन दिया और लोगों से भी इस ट्रस्ट में दिल खोल कर दान देने की अपील की। सी के मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट कैंसर और अन्य जानलेबा बिमारियों से ग्रस्त रोगियों की मदद करेगा। यह ट्रस्ट मुख्यता स्वास्थ्य , शिक्षा , और पौषाहार के क्षेत्र में कार्य करेगा। ट्रस्ट का मुख्यालय मंडी जिला का चैलचौक होगा, जबकि पूरा हिमाचल इसका कार्यक्षेत्र रहेगा। किशोरी लाल शर्मा पिछले कुछ बरसों के दौरान राजीव गांधी कैंसर इंस्टिट्यूट के सीईओ डी एस नेगी के सहयोग से हिमाचल प्रदेश के दूर दराज क्षेत्रों में कैंसर की जांच और जागरूकता के लिए अनेक कैंप लगा चुके हैं। मनिपाल अस्पताल दिल्ली के कैंसर विशेष्ज्ञ डॉक्टर जय गोपाल शर्मा और डॉक्टर पूनम शर्मा ने इस ट्रस्ट के लिए कार्य करने की हामी भरी है। किशोरी लाल शर्मा दिल्ली पुलिस में सेवारत के दौरान भी अनेक हिमाचली संस्थाओं से जुड़े रहे और दिल्ली में बसे हिमाचलियों में उनका चेहरा जाना पहचाना है। जबकि उनकी पत्नी स्वर्गीय चंदरकांता शर्मा हिमाचल मित्र मंडल दिल्ली की संस्थापक अध्यक्ष रही हैं । रिटायरमेंट के बाद उनकी इच्छा अपने गांव में जाकर अपनी माटी की सेवा करने की है। उनका कहना है की सरकारी सेवानिवृति के बाद उन्हें जो पैसा मिलेगा उसका ज्यादातर हिस्सा वह ट्रस्ट में डाल देंगे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा