चूड़धार में विजट महाराज का पारंपरिक शाही स्नान श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न
नाहन, 20 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल चूड़धार में विजट महाराज जी का पारंपरिक शाही स्नान (एकादशी देव स्नान) श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ संपन्न हुआ। चूड़धार स्थित प्राचीन पवित्र बावड़ी, जिसे 'अमृत की बावड़ी' के नाम से जाना जाता है, के जल से विजट महाराज जी का अभिषेक किया गया। इस धार्मिक आयोजन में हामल, चेता, पुलबाहल सहित आसपास के क्षेत्रों के श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
मान्यता के अनुसार चूड़धार की पवित्र बावड़ी के जल से देवता स्नान करते हैं। इसी परंपरा के तहत श्रद्धालु विजट महाराज जी की मूर्ति को लेकर पैदल चूड़धार पहुंचे, जहां विधिवत पूजा-अर्चना और अभिषेक किया गया। स्नान के पश्चात देवता को सोने के सिक्के अर्पित कर विशेष पूजा की गई।इस धार्मिक यात्रा में श्रद्धालुओं ने कठिन पहाड़ी रास्तों से पैदल चलकर अपनी आस्था का परिचय दिया। यात्रा के दौरान ढोल-दमाऊ की गूंज और पारंपरिक देव नृत्य ने धार्मिक माहौल को और भक्तिमय बना दिया। देवता के दर्शन और शाही स्नान में भाग लेने के लिए क्षेत्र के लोगों में विशेष उत्साह देखने को मिला।
20 नवंबर को शाही स्नान की धार्मिक रस्में पूर्ण होने के बाद देव यात्रा वापस सराहण पहुंची। यह आयोजन हामल, चेता, पुलबाहल और आसपास के क्षेत्रों के लोगों के लिए विशेष धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व रखता है। देव परंपरा के इस निर्वहन से क्षेत्र की प्राचीन लोक संस्कृति, आस्था और आपसी एकजुटता की झलक देखने को मिली।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर