देवभूमि का सबसे बड़ा शिवधाम बना आस्था का केंद्र, चूड़धार में उमड़े भक्त

 


नाहन, 11 जून (हि.स.)। देवभूमि हिमाचल की सबसे ऊंची और पवित्र चोटियों में शुमार चूड़धार इन दिनों शिवभक्ति के रंग में रंगी हुई है। चूड़ेश्वर महादेव के दर्शन के लिए हिमाचल समेत हरियाणा, पंजाब, उत्तराखंड और अन्य राज्यों से हजारों श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। कठिन पहाड़ी और जंगलों से होकर गुजरने वाले रास्तों पर बम-बम भोले और हर-हर महादेव के जयकारे लगातार गूंज रहे हैं।

श्रद्धालुओं का कहना है कि चूड़धार की यात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, विश्वास और आत्मिक शांति का अनुभव है। कई श्रद्धालु पैदल कई किलोमीटर का सफर तय कर भगवान शिव के दरबार में माथा टेक रहे हैं और अपने परिवार की सुख-समृद्धि की कामना कर रहे हैं।

मंदिर के प्रबंधक बाबू राम ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। उन्होंने कहा कि चूड़ेश्वर महादेव के प्रति लोगों की अटूट आस्था ही उन्हें कठिन रास्तों के बावजूद यहां तक खींच लाती है। पुजारी ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान सावधानी बरतने और मौसम की जानकारी लेकर ही रवाना होने की अपील की।

वहीं प्रशासन और स्थानीय समितियों द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को मजबूत किया गया है ताकि श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।

आस्था के इस अद्भुत संगम में चूड़धार एक बार फिर शिवभक्तों के विश्वास का सबसे बड़ा केंद्र बनकर उभरा है, जहां हर कदम पर भक्ति और हर शिखर पर भोलेनाथ का आशीर्वाद महसूस किया जा सकता है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर