पांवटा साहिब में चिट्टा तस्करी के दो मामले, 7.15 ग्राम हेरोइन के साथ दो आरोपी गिरफ्तार
नाहन, 09 अक्टूबर (हि.स.)। सिरमौर जिला पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पांवटा साहिब में दो अलग-अलग मामलों में 7.15 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) बरामद कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत अलग-अलग मामले दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पहले मामले में 8 अक्टूबर को पांवटा साहिब पुलिस थाना की टीम बातापुल चौक के पास गश्त कर रही थी। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि जाकिर अली पुत्र अब्दुल जब्बार, निवासी गांव चुहड़पुर, तहसील छछरौली, जिला यमुनानगर, हरियाणा, क्षेत्र में चिट्टा बेचने का धंधा करता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाशी ली, जिसमें उसके कब्जे से 4.03 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ।
दूसरे मामले में एसआईयू नाहन की टीम पांवटा साहिब क्षेत्र में गश्त पर थी। इस दौरान सूचना मिली कि भगत सिंह उर्फ अमन, निवासी गांव हरेवा, जिला यमुनानगर, हरियाणा तथा वर्तमान निवासी गांव फूलपुर, तहसील पांवटा साहिब, मोटरसाइकिल नंबर PB70 F 0584 पर चिट्टा बेचने का काम करता है। सूचना के अनुसार, आरोपी यमुना पुल बैरियर, कुल्हाल के पास राम मंदिर के गेट के सामने मौजूद था।
पुलिस टीम ने मौके पर कार्रवाई करते हुए आरोपी के कब्जे से 3.12 ग्राम चिट्टा बरामद किया।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में नशे की तस्करी से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर