बरसाती नाले में डूबने से 12 साल के बच्चे की मौत
नाहन, 11 अगस्त (हि.स.)। औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब के रामपुर जट्टान में मंगलवार को एक बेहद हृदयविदारक हादसा सामने आया है। यहां एक बरसाती नाले में चप्पल निकालने के प्रयास में 12 वर्षीय मासूम अमरजीत गहरे पानी में डूब गया। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से व्यापक खोज अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे का शव बरामद कर लिया है, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बिहार के वैशाली जिले के रहने वाले धर्मेंद्र अपने परिवार के साथ रामपुर जट्टान में रहते हैं। मंगलवार को सुबह उनका 12 वर्षीय बेटा अमरजीत कुमार अपने एक अन्य साथी के साथ घर के समीप स्थित बरसाती नाले के पास गया था।
बताया जा रहा है कि नाले में नहाते समय अमरजीत की चप्पल नाले में छूट गई । जब वह अपनी चप्पल को पानी से बाहर निकालने का प्रयास कर रहा था, उसी दौरान उसका संतुलन बिगड़ गया और वह तेज बहाव तथा गहरे पानी की चपेट में आ गया। साथी बच्चे को डूबता देख दूसरे बच्चे ने तुरंत शोर मचाया, जिसके बाद आसपास के लोग और परिजन मौके पर एकत्र हुए।
घटना की सूचना तुरंत कालाअंब पुलिस को दी गई। मामला गंभीर होने और बरसाती नाले में पानी के तेज बहाव व गहराई को देखते हुए तुरंत एनडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। जवानों ने नाले के तेज बहाव के बीच जोखिम उठाते हुए सर्च ऑपरेशन शुरू किया। कई घंटों की कड़ी मशक्कत और पानी के भीतर की गई सघन तलाश के बाद आखिरकार टीम ने अमरजीत के शव को नाले से बाहर निकाला। हालांकि तब तक बहुत देर हो चुकी थी और मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी।
प्रशासन ने अभिभावकों से भी आग्रह किया है कि वे अपने बच्चों को ऐसे जलभराव वाले और खतरनाक बरसाती नालों के पास अकेले न जाने दें, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं से बचा जा सके।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर