12, 13 और 15 को हमीरपुर जिले के दौरे पर रहेंगे मुख्यमंत्री

 


हमीरपुर, 11 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू 12, 13 और 15 अगस्त को हमीरपुर जिले के दौरे पर रहेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री बुधवार 12 अगस्त को दोपहर बाद करीब पौने तीन बजे घुमारवीं से हमीरपुर पहुंचेंगे तथा सर्किट हाउस में रुकेंगे। वीरवार सुबह वह करीब 10ः15 बजे कृषि उपनिदेशक कार्यालय परिसर हमीरपुर में अत्याधुनिक एसआरटी लैब का उदघाटन करेंगे। इसके बाद वह अंतर्राज्यीय बस अड्डे से एचआरटीसी की ई-बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। इस कार्यक्रम के पश्चात वह अणु स्थित नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय डिग्री कालेज हमीरपुर के परिसर में पहुंचकर डिजिटल लाइब्रेरी टैब्स का अनावरण, सीबीटी लैब का उदघाटन और गर्ल्स हॉस्टल का शिलान्यास करेंगे। यहीं से ही वह वर्चुअल माध्यम से सैनिक स्कूल सुजानपुर टीहरा के हॉस्टल का उदघाटन और जोल सप्पड़ में निर्माणाधीन डॉ. राधाकृष्णन राजकीय मेडिकल कालेज में बनने वाली मॉरच्यूरी के भवन का शिलान्यास भी करेंगे। वह कालेज के वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाग लेंगे।

शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री बिलासपुर जिले के घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के दौरे के लिए रवाना हो जाएंगे। शनिवार सुबह मुख्यमंत्री घुमारवीं से बड़सर पहुंचेंगे और सुबह 11 बजे राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बड़सर में राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह की अध्यक्षता करेंगे। इस समारोह के बाद मुख्यमंत्री शिमला लौट जाएंगे।

उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने जिला के सभी वरिष्ठ अधिकारियों को मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान व्यक्तिगत रूप से उपस्थित रहने तथा राज्य स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह के लिए सभी तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / विशाल राणा