श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज के दर्शनों के लिए पश्मी में उमड़ा आस्था का भारी सैलाब, हजारों श्रद्धालुओं ने नवाया शीश

 

नाहन, 29 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल और उत्तराखंड के लाखों लोगों के आराध्य श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज के दर्शनों के लिए रविवार को शिलाई विधानसभा क्षेत्र के पश्मी में श्रद्धालुओं का भारी सैलाब उमड़ पड़ा। हिमाचल सहित देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे हजारों भक्तों ने महाराज के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और भंडारे का प्रसाद ग्रहण किया।

अंतिम रविवार और चालदा महासू महाराज के हिमाचल से विदा लेने से पहले पश्मी में हजारों की संख्या में श्रद्धालु जुट रहे हैं। रविवार सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।इस दौरान श्रद्धालुओं ने कतारबद्ध होकर अपनी बारी का इंतजार किया और देवता के दर्शन किए। महासू महाराज सेवा समिति की ओर से श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए मंदिर के साथ खेत में भंडारे का इंतजाम किया गया, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने एक साथ प्रसाद ग्रहण किया।

एक वर्ष का हिमाचल प्रवास पूरा करने के बाद श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज 3 दिसंबर को पश्मी से उत्तराखंड के मशक गांव के लिए प्रस्थान करेंगे।पहले दिन महाराज का रात्रि प्रवास जिला सिरमौर के द्राबिल गांव में होगा। इसके बाद 4 दिसंबर को सुबह महाराज द्राबिल से हिमाचल-उत्तराखंड सीमा पर स्थित मिनस पुल पार कर उत्तराखंड में प्रवेश करेंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 8 दिसंबर को उत्तराखंड के मशक गांव में नवनिर्मित मंदिर में महाराज विराजमान होंगे।

महाराज के हिमाचल आगमन के समय उन्हें चांदी की पालकी में लाया गया था। अब पश्मी मंदिर समिति की ओर से करोड़ों रुपये की लागत से सोने और चांदी से मिश्रित नई पालकी तैयार करवाई गई है। इसी विशेष पालकी में छत्रधारी श्री चालदा महासू महाराज को उत्तराखंड के लिए विदाई दी जाएगी।कई दशकों बाद श्री छत्रधारी चालदा महासू महाराज उत्तराखंड के दसऊ गांव से पैदल यात्रा कर 14 दिसंबर 2025 को हिमाचल प्रदेश के पश्मी पहुंचे थे।

इसके बाद 15 दिसंबर 2025 को संक्रांति के दिन प्रातः चार बजे ब्रह्म मुहूर्त में महाराज नवनिर्मित मंदिर में विराजमान हुए थे। अब एक वर्ष का प्रवास पूरा होने पर महाराज की उत्तराखंड वापसी को लेकर शिलाई क्षेत्र सहित दोनों राज्यों के श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह है। 3 दिसंबर को हजारों श्रद्धालु महाराज को जिला सिरमौर से विदाई देंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर