जनगणना 2027 तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर हुआ सम्पन्न

 

नाहन, 29 अप्रैल (हि.स.)। जिला सिरमौर में जनगणना 2027 की प्रक्रिया ने गति पकड़ ली है। इसी कड़ी में फील्ड ट्रेनर्स के लिए आयोजित तीन दिवसीय विशेष प्रशिक्षण शिविर का आज समापन हो गया। इस दौरान विशेषज्ञों ने जहाँ जनगणना की बारीकियों पर चर्चा की, वहीं फील्ड में आ रही व्यावहारिक चुनौतियों पर भी अपनी बात रखी।

प्रशिक्षण शिविर के समापन पर मास्टर ट्रेनर डॉ. अनूप और अनिल कुमार ने जनता से विशेष अपील करते हुए कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्व का कार्य है। उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि जब भी जनगणना कर्मी उनके घर आएँ, तो उन्हें सटीक और सही जानकारी उपलब्ध कराएं। मास्टर ट्रेनर्स ने इस बात पर चिंता जताई कि फील्ड में कुछ लोग जानकारी साझा करने में झिझक रहे हैं या सहयोग नहीं कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि आंकड़े गलत होंगे, तो सरकार की भविष्य की योजनाएं और नीतियां भी प्रभावित हो सकती हैं।

जनता के मन से डर दूर करते हुए उन्होंने कहा कि जनगणना अधिनियम के तहत लोगों द्वारा दी गई जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाती है। इस डेटा का उपयोग केवल विकास योजनाओं और सांख्यिकीय उद्देश्यों के लिए होता है, इसे किसी भी निजी या सार्वजनिक मंच पर साझा नहीं किया जाता।

इस तीन दिवसीय कार्यक्रम में 30 फील्ड ट्रेनर्स को प्रशिक्षित किया गया है। यह प्रशिक्षण जनगणना के पहले चरण के लिए दिया गया है, जिसमें मकानों की सूची और अन्य प्रारंभिक डेटा जुटाया जाना है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जनगणना कर्मियों को अपना मित्र समझें और सही डेटा देकर देश के विकास में अपना योगदान दें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर