हिमाचल के बर्फबारी वाले क्षेत्रों में 30 सितंबर को पूरा होगा जनगणना का दूसरा चरण
शिमला, 28 सितंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के बर्फबारी वाले क्षेत्रों में जनगणना-2027 के दूसरे चरण यानी जनसंख्या गणना का कार्य 30 सितंबर को पूरा होगा। इन क्षेत्रों में जनसंख्या गणना 1 सितंबर से शुरू हुई थी। प्रदेश सरकार ने लोगों से जनगणना कर्मियों को पूरा सहयोग देने और सही एवं पूरी जानकारी उपलब्ध करवाने का आग्रह किया है। विशेष रूप से लोगों से अपने वर्तमान निवास स्थान पर जनगणना में पंजीकरण करवाने को कहा गया है, जिससे प्रत्येक व्यक्ति की सही गणना हो सके और किसी व्यक्ति की गणना छूट न जाए। एक सरकारी प्रवक्ता ने सोमवार को यह जानकारी दी।
प्रवक्ता ने कहा कि जनगणना के दूसरे चरण में प्रगणक और पर्यवेक्षक घर-घर जाकर जनसंख्या संबंधी जानकारी दर्ज कर रहे हैं। नागरिकों से आग्रह किया गया है कि वे जनगणना कर्मियों को यथार्थ और पूरी जानकारी उपलब्ध करवाएं। वर्तमान निवास स्थान पर सही पंजीकरण से प्रदेश में लोगों की आवासीय स्थिति की वास्तविक तस्वीर सामने आएगी।
उन्होंने कहा कि जनगणना अधिनियम-1948 के तहत जनगणना के दौरान एकत्र की गई व्यक्तिगत जानकारी पूरी तरह गोपनीय होती है। इस जानकारी का उपयोग केवल सांख्यिकीय उद्देश्यों, विकास योजनाओं और नीति निर्माण के लिए किया जाता है।
सरकारी प्रवक्ता ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान जुटाई गई व्यक्तिगत जानकारी का इस्तेमाल किसी व्यक्ति के खिलाफ कानूनी साक्ष्य के रूप में नहीं किया जा सकता। ये रिकॉर्ड सूचना का अधिकार अधिनियम के तहत भी साझा नहीं किए जा सकते।
प्रवक्ता ने कहा कि जनगणना देश की योजना, नीति निर्माण और विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रक्रिया है। इसके सफल संचालन के लिए नागरिकों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने लोगों से जनगणना कर्मियों को सही जानकारी उपलब्ध करवाने और अपने वर्तमान निवास स्थान पर जनगणना में पंजीकरण सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा