प्रदेशभर में जनगणना का प्रथम चरण सफलतापूर्वक सम्पन्न
शिमला, 16 जुलाई (हि.स.)। प्रदेश में जनगणना के प्रथम चरण में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना 15 जुलाई को सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गई है। यह कार्य 16 जून से आरम्भ किया गया था। इस अभियान में डिजिटल प्रौद्योगिकी का व्यापक स्तर पर उपयोग किया गया।
जनगणना कार्य निदेशालय हिमाचल प्रदेश के एक प्रवक्ता ने बताया कि इस चरण की सबसे बड़ी उपलब्धि स्व-गणना विकल्प की सफलता रही। बड़ी संख्या में जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिकों ने डिजिटल प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग करते हुए स्वयं अपनी जानकारी दर्ज की और इस महत्त्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई।
उन्होंने बताया कि इस व्यापक अभियान का सफल संचालन प्रशासनिक तंत्र एवं जमीनी स्तर पर कार्यरत अधिकारियों एवं कर्मचारियों के समर्पित प्रयासों से संभव हो पाया। सभी जिलों के उपायुक्तों, नगर निगम आयुक्तों, तहसीलदारों तथा अन्य वरिष्ठ जनगणना अधिकारियों ने इस अभियान को सफल बनाने में महत्त्वपूर्ण योगदान दिया और अभियान के प्रत्येक पहलू की निरंतर निगरानी की। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा नियुक्त प्रशिक्षकों, प्रगणकों तथा पर्यवेक्षकों सहित फील्ड स्टाफ की प्रतिबद्धता भी सराहनीय रही, जिनके अथक प्रयासों से यह कार्य सुचारू रूप से सम्पन्न हुआ।
उन्होंने बताया कि प्रदेश के दुर्गम एवं चुनौतीपूर्ण भौगोलिक क्षेत्रों के बावजूद प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों ने पूर्ण समर्पण के साथ घर-घर पहुंचकर सटीक जानकारी एकत्रित की। उनकी कार्यकुशलता, व्यावसायिक प्रतिबद्धता एवं दृढ़ संकल्प ने जनगणना के प्रथम चरण को सफलतापूर्वक सम्पन्न करवाने में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभाई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील शुक्ला