नाहन कौलांवाला भूड़ में सड़क किनारे लावारिस मिले सरकारी सीमेंट के बैग

 

नाहन, 01 अक्टूबर (हि.स.)। कौलांवाला भूड़ पंचायत के अंतर्गत गुज्जर बस्ती सड़क पर वीरवार को लावारिस अवस्था में सरकारी सीमेंट के बोरे मिलने से हड़कंप मच गया है। सड़क किनारे पड़े इन सीमेंट बैगों को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है और उन्होंने सरकारी सामग्री की अनदेखी व संभावित दुरुपयोग के आरोप लगाए हैं।

इस पूरे मामले पर जब विकास खंड अधिकारी नाहन राहुल धीमान से बात की गई, तो उन्होंने एक अहम और गंभीर जानकारी दी। उन्होंने ने बताया कि पिछले करीब 8 महीनों से उस क्षेत्र में उनके (ब्लॉक) विभाग का कोई भी निर्माण या विकास कार्य नहीं चल रहा है । हालांकि बीडीओ राहुल धीमान ने यह भी स्पष्ट किया कि उस क्षेत्र में कुछ अन्य विभागों के विकास कार्य भी चल रहे हैं। ऐसे में यह सीमेंट किस विभाग का है, किसके लिए अलॉट हुआ था और इस तरह लावारिस क्यों पड़ा है, यह पूरी तरह से गहन जांच का विषय है।

उन्होंने आश्वासन दिया कि मामला ध्यान में आते ही विभाग ने इसका संज्ञान लिया है। जल्द ही मौके पर टीम भेजकर इसकी विस्तृत पड़ताल करवाई जाएगी। जांच में सबसे पहले यह पता लगाया जाएगा कि यह सीमेंट किस विभाग का है और इसे वहां इस तरह लावारिस छोड़ने का जिम्मेदार कौन है।उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी भी स्तर पर लापरवाही, गड़बड़ी या अनियमितता पाई जाती है, तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर