डी.ए.वी. सेंटेनरी पब्लिक स्कूल में अर्थ-डे पर विविध कार्यक्रमों का आयोजन, पर्यावरण संरक्षण का संकल्प
मंडी, 22 अप्रैल (हि.स.)। डी.ए.वी. सेंटेनरी पब्लिक स्कूल में पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न सदनों के विद्यार्थियों के लिए एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का संचालन इको क्लब के विद्यार्थियों द्वारा किया गया। आयोजन की शुरुआत विशेष प्रार्थना सभा के साथ हुई, जिसमें सभी विद्यार्थियों ने पर्यावरण व पृथ्वी की सुरक्षा हेतु सामूहिक प्रतिज्ञा ली। कार्यक्रम के दौरान कक्षा आठवीं और नौवीं के विद्यार्थियों ने पर्यावरण
संरक्षण के महत्व पर भाषण दिए।
इसी कड़ी में इको व ड्रामा क्लब के कक्षा नौवीं के विद्यार्थियों ने पृथ्वी दिवस पर आधारित एक प्रभावशाली नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया, जिसने उपस्थित सभी का मन मोह लिया। इस दौरान ड्रामा क्लब के प्रभारी सुनील कुमार ने पर्यावरण व पृथ्वी की सुरक्षा विषय पर अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के अंतर्गत, छठी कक्षा के विद्यार्थियों के लिए पेपर बैग मेकिंग तथा सातवीं कक्षा के लिए इको कोलाज मेकिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें विद्यार्थियों ने अपने-अपने सदन के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।
इस प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल की भूमिका मैडम भावना, मैडम अनुपमा और मैडम पीतांजलि ने निभाई, जबकि परिणामों की घोषणा गतिविधि प्रभारी मैडम माधवी कपूर द्वाराकी गई। प्रतियोगिता के परिणामानुसार कक्षा छठी पेपर बैग मेकिंग में मोक्षार्थी प्रथम, माधवन एवं रियांश द्वितीय और महास्विन तृतीय स्थान पर रहे। कक्षा सातवीं इको कोलाज मेकिंग में ईशान्वी शर्मा प्रथम, क्रियांश द्वितीय और मिश्का तृतीय स्थान पर रहीं। सदन प्रभारियों और शिक्षकों ने बच्चों के इस सराहनीय कार्य की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।
विद्यालय के प्रधानाचार्य के.एस. गुलेरिया ने बच्चों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई देते हुए कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में निर्णय क्षमता, रचनात्मकता, टीमवर्क और आपसी सद्भाव
की भावना जागृत करती हैं। उन्होंने कहा कि ये गतिविधियां बच्चों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक बनाकर एक जिम्मेदार नागरिक की भूमिका निभाने के लिए प्रेरित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा