हिमाचल के सरकारी सीबीएसई स्कूलों में 199 कला शिक्षकों को नियुक्ति, मिलेगा 30 हज़ार रुपये मासिक मानदेय

 

शिमला, 14 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के सरकारी सीबीएसई स्कूलों में कला शिक्षा को मजबूत करने के लिए 199 शिक्षकों की नियुक्ति के आदेश जारी किए गए हैं। इनमें 82 फाइन आर्ट शिक्षक और 117 ड्राइंग टीचर शामिल हैं। सभी नियुक्तियां पांच साल के लिए अस्थायी आधार पर की जाएंगी। चयनित शिक्षकों को हर महीने 30 हजार रुपये फिक्स मानदेय मिलेगा, हालांकि साल में केवल 10 महीने का ही भुगतान होगा। इन शिक्षकों को नियुक्ति आदेश मिलने के पांच कार्य दिवस के भीतर संबंधित स्कूलों में कार्यभार संभालना होगा। विभाग ने स्पष्ट किया है कि ये नियुक्तियां नियमित सरकारी सेवा का हिस्सा नहीं होंगी और शिक्षकों को नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं भी नहीं मिलेंगी।

शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेशों के अनुसार 82 फाइन आर्ट शिक्षकों की नियुक्ति पांच साल के लिए अस्थायी आधार पर की गई है। चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति आदेश प्राप्त होने के पांच कार्य दिवस के भीतर आवंटित स्कूल में जॉइन करना होगा। कार्यभार संभालने से पहले उन्हें मेडिकल फिटनेस प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज संबंधित स्कूल में जमा करवाने होंगे। निर्धारित समय में जॉइनिंग की प्रक्रिया पूरी करना अनिवार्य होगा।

नियुक्त किए गए फाइन आर्ट शिक्षकों को 30 हजार रुपये मासिक फिक्स मानदेय दिया जाएगा। यह भुगतान साल में केवल 10 महीने के लिए होगा। इस तरह शिक्षकों को पांच साल की नियुक्ति अवधि के दौरान विभाग की ओर से तय शर्तों के अनुसार मानदेय मिलेगा। विभाग ने साफ किया है कि पांच साल की अवधि पूरी होने से नियमित नियुक्ति का कोई अधिकार नहीं मिलेगा। इन शिक्षकों को नियमित सरकारी कर्मचारियों को मिलने वाले सेवा लाभ भी नहीं दिए जाएंगे।

सरकारी सीबीएसई स्कूलों में 117 ड्राइंग टीचरों की नियुक्ति के आदेश भी जारी किए गए हैं। इन अभ्यर्थियों का चयन हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग, हमीरपुर की सिफारिश पर किया गया है। इनकी नियुक्तियां भी पांच साल के लिए अस्थायी आधार पर होंगी। चयनित ड्राइंग शिक्षकों को हर महीने 30 हजार रुपये फिक्स मानदेय मिलेगा। उन्हें भी शैक्षणिक वर्ष में केवल 10 महीने का भुगतान किया जाएगा।

नियुक्त ड्राइंग शिक्षकों को संबंधित स्कूलों में छठी से बारहवीं कक्षा तक के विद्यार्थियों को ड्राइंग विषय पढ़ाना होगा। स्कूल की जरूरत के अनुसार उन्हें अतिरिक्त कक्षाएं लेने की जिम्मेदारी भी दी जा सकती है। इन शिक्षकों की सेवा शर्तें भी अस्थायी नियुक्ति के आधार पर निर्धारित की गई हैं। उन्हें नियमित सरकारी कर्मचारियों की तरह सेवा संबंधी लाभ नहीं मिलेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा