सुंदरनगर आईटीआई में मारुति सुजुकी का कैंपस प्लेसमेंट, 190 प्रशिक्षुओं को मिली नौकरी

 


मंडी, 25 जुलाई (हि.स.)। मंडी जिला के राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान पीडब्ल्यूडी, सुंदरनगर में मारुति सुजुकी इंडिया लिमिटेड, गुजरात द्वारा कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव का सफल आयोजन किया गया। इस भर्ती अभियान में संस्थान सहित विभिन्न सरकारी एवं निजी आईटीआई के कुल 210 प्रशिक्षुओं ने भाग लिया। लिखित परीक्षा एवं व्यक्तिगत साक्षात्कार के बाद कंपनी ने 190 अभ्यर्थियों का चयन किया। चयनित अभ्यर्थी मेडिकल फिटनेस प्रक्रिया पूरी करने के बाद कंपनी में सेवाएं देंगे। प्लेसमेंट प्रक्रिया का संचालन कंपनी के एचआर मैनेजर नवीन यादव एवं उनकी टीम ने किया। उन्होंने संस्थान में प्रशिक्षुओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी तथा गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण की सराहना की।

प्रधानाचार्य विजय चौधरी ने चयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि संस्थान का लक्ष्य प्रशिक्षुओं को उत्कृष्ट तकनीकी प्रशिक्षण के साथ बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कंपनी के अधिकारियों, प्लेसमेंट टीम तथा संस्थान के समस्त स्टाफ का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मुरारी शर्मा