बल्क ड्रग पार्क का तेजी से हो रहा काम, विपक्ष फैला रहा भ्रम : उद्योग मंत्री
शिमला, 11 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले में विकसित किए जा रहे महत्वाकांक्षी बल्क ड्रग पार्क को लेकर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। नेता प्रतिपक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर द्वारा परियोजना के काम में देरी और धीमी प्रगति के आरोप लगाए जाने के बाद राज्य सरकार ने इन दावों का जवाब दिया है। उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने कहा है कि परियोजना से जुड़े अधिकांश बुनियादी ढांचे के कार्य तेजी से आगे बढ़ रहे हैं और कुछ तकनीकी तथा केंद्रीय मंजूरियों से जुड़ी वजहों के कारण ही कुछ काम प्रभावित हुए हैं।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि बल्क ड्रग पार्क के लिए जरूरी जलापूर्ति व्यवस्था का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा किया जा चुका है। इसके अलावा परियोजना को 120 मेगावाट बिजली उपलब्ध कराने के लिए किए जा रहे ट्रांसमिशन नेटवर्क का करीब 75 प्रतिशत काम भी पूरा हो चुका है। उन्होंने बताया कि पार्क क्षेत्र को जोड़ने वाली सड़कों के निर्माण का कार्य भी काफी हद तक पूरा कर लिया गया है।
उद्योग मंत्री के अनुसार फिलहाल परियोजना के सामने सबसे बड़ी चुनौती वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) के तहत मिलने वाली मंजूरी है। उन्होंने कहा कि करीब 500 एकड़ क्षेत्र में पेड़ों की कटान के लिए अभी तक अनुमति नहीं मिल पाई है। इसी कारण परियोजना के कुछ हिस्सों में काम की गति प्रभावित हुई है। उनका कहना है कि जैसे ही आवश्यक मंजूरियां मिलेंगी, शेष कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा।
इस दौरान उद्योग मंत्री ने राज्य की आर्थिक स्थिति को लेकर भाजपा द्वारा लगाए जा रहे आरोपों का भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि वर्तमान वित्तीय चुनौतियों के लिए पूर्व भाजपा सरकार जिम्मेदार है। चौहान के मुताबिक भाजपा सरकार के कार्यकाल में राज्य को आरडीजी, जीएसटी मुआवजे और अन्य मदों के तहत केंद्र से लगभग 70 हजार करोड़ रुपये प्राप्त हुए थे, लेकिन उस दौरान राज्य के लिए कोई मजबूत वित्तीय आधार तैयार नहीं किया गया।
उन्होंने दावा किया कि वर्तमान कांग्रेस सरकार को अब तक केंद्र से करीब 17 हजार करोड़ रुपये की सहायता मिली है, जबकि भाजपा सरकार के कार्यकाल में केंद्रीय सहायता का आंकड़ा लगभग 48 हजार करोड़ रुपये था। उद्योग मंत्री ने आरोप लगाया कि भाजपा प्रदेश में “वित्तीय आपदा” का माहौल बनाने की कोशिश कर रही है और विकास परियोजनाओं को लेकर राजनीति कर रही है।
हर्षवर्धन चौहान ने कहा कि विपक्ष को विकास के मुद्दों पर सार्थक चर्चा करनी चाहिए, लेकिन वह राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप में व्यस्त है। उन्होंने हाल ही में संपन्न हुए नगर निकाय चुनावों का हवाला देते हुए दावा किया कि करीब 75 प्रतिशत निकायों में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों की जीत हुई है, जिसे उन्होंने प्रदेश सरकार की नीतियों पर जनता के भरोसे का संकेत बताया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा