स्वतंत्रता दिवस पर बीएसएनएल का खास ऑफर , 1 रुपये में सिम और 24 दिन की वैधता
शिमला, 14 अगस्त (हि.स.)। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत संचार निगम लिमिटेड (बीएसएनएल) ने हिमाचल प्रदेश के ग्राहकों के लिए कई नई सेवाओं और योजनाओं की घोषणा की है। शिमला में शुक्रवार को बीएसएनएल हिमाचल प्रदेश के मुख्य महाप्रबंधक राजन कम्बोज ने मोबाइल, ब्रॉडबैंड और डिजिटल कनेक्टिविटी से जुड़े नए प्रस्तावों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य प्रदेश के दूरदराज और ग्रामीण क्षेत्रों तक बेहतर संचार सुविधाएं पहुंचाना है।
बीएसएनएल ने ग्राहकों के लिए एक विशेष स्वतंत्रता दिवस ऑफर शुरू किया है। इसके तहत एक रुपये में नया सिम उपलब्ध कराया जाएगा। इस योजना में ग्राहकों को 24 दिन की वैधता मिलेगी। साथ ही प्रतिदिन 1 जीबी डेटा, अनलिमिटेड कॉलिंग और 100 एसएमएस की सुविधा भी दी जाएगी। इसके अलावा कंपनी ने 2,399 रुपये का वार्षिक प्लान भी पेश किया है। इस योजना की वैधता 412 दिन होगी और ग्राहकों को प्रतिदिन 2 जीबी डेटा उपलब्ध कराया जाएगा।
राजन कम्बोज ने बताया कि बीएसएनएल ने मोबाइल पर लाइव टीवी देखने की सुविधा भी शुरू की है। टैंगो टीवी प्लेटफॉर्म के माध्यम से ग्राहक 500 से अधिक चैनल देख सकेंगे। उन्होंने कहा कि इस सेवा का उद्देश्य ग्राहकों को मोबाइल पर ही मनोरंजन और सूचना की सुविधाएं उपलब्ध कराना है।
ब्रॉडबैंड सेवाओं को लेकर भी बीएसएनएल ने नई घोषणा की है। शहरी क्षेत्रों के लिए 1,111 रुपये का विशेष एफटीटीएच (फाइबर टू द होम) प्लान उपलब्ध कराया गया है। इस योजना में ग्राहकों को 5 हजार जीबी तक डेटा और 200 एमबीपीएस तक की इंटरनेट स्पीड मिलेगी।
डिजिटल बुनियादी ढांचे के विस्तार पर जोर देते हुए राजन कम्बोज ने कहा कि बीएसएनएल का लक्ष्य अगले वर्ष तक हिमाचल प्रदेश की सभी 3,615 ग्राम पंचायतों को ऑप्टिकल फाइबर नेटवर्क से जोड़ना है। इस परियोजना पर लगभग 2 हज़ार करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। उनका कहना था कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में इंटरनेट और डिजिटल सेवाओं की पहुंच मजबूत होगी।
उन्होंने यह भी बताया कि बीएसएनएल हिमाचल प्रदेश में 5जी सेवा शुरू करने की तैयारी कर रहा है। आवश्यक सरकारी मंजूरी मिलने के बाद अगले छह महीने के भीतर प्रदेश में 5जी नेटवर्क शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।
बीएसएनएल के अनुसार नए प्लान, फाइबर नेटवर्क विस्तार और प्रस्तावित 5जी सेवा से प्रदेश में संचार सुविधाओं को मजबूती मिलेगी। कंपनी का फोकस विशेष रूप से उन क्षेत्रों पर है जहां अब तक डिजिटल कनेक्टिविटी सीमित रही है। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों के बीच डिजिटल अंतर कम करने में मदद मिलने की उम्मीद है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा