विकास खंड नाहन के बीपीएल परिवारों से विधायक अजय सोलंकी ने किया संवाद
नाहन, 11 अगस्त (हि.स.)। विधायक नाहन अजय सोलंकी की अध्यक्षता में खंड विकास कार्यालय नाहन में विकास खंड के नव चयनित बीपीएल परिवारों के साथ संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ।
इस अवसर पर विधायक अजय सोलंकी ने संबोधित करते हुए बताया कि इस कार्यक्रम का उदेश्य बीपीएल परिवारों के साथ बातचीत कर उनकी समस्याओं का समाधान करना तथा प्रदेश सरकार सरकार द्वारा विभिन्न विभागों के माध्यम से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी गरीब परिवारों व दूर दराज के क्षेत्रों तक पहुंचाना है ताकि इन परिवारों के उत्थान एवं कल्याण के साथ-साथ सुधार हेतु नई योजनाओं को भी तैयार किया जा सके।
संवाद कार्यक्रम के दौरान विधायक ने विकास खंड नाहन की ग्राम पंचायत नेहली धीड़ा, बनेठी, नावनी, पंजाहल, धगेड़ा, रामाधौण, सैन की सेर तथा अबंवाला सैनवाला के 166 बीपीएल परिवारों की समस्याओं को सुना व संबंधित विभागों को त्वरित कार्यवाही के आदेश भी दिए।
इस दौरान उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने बताया कि यह संवाद कार्यक्रम 10 अगस्त से 12 अगस्त, 2026 तक आयोजित किया जा रहा है जिसमें विकास खंड नाहन की 28 पंचायतों के लगभग 596 बीपीएल परिवार शामिल होंगे। उन्होंने उपस्थित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि इन परिवारों की आवास, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, पेन्शन संबंधी समस्याओं का शीघ्र निवारण सुनिश्चित करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर