राष्ट्रीय बॉडी बिल्डिंग प्रतियोगिता के लिए राज्य की टीम को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने किया सम्मानित
नाहन, 22 मार्च (हि.स.)।आई एफ बी संघ के सौजन्य से मध्य प्रदेश के इंदौर में बॉडी बिल्डिंग मिस्टर इंडिया प्रतियोगिता का आयोजन होने जा रहा है जिसमें देश भर से लगभग 500 प्रतिभागियों के सम्मलित होने की संभावना है। इस प्रतियोगिता में हिमाचल प्रदेश की बॉडी बिल्डिंग टीम भी नाहन के बॉडी बिल्डर मनीष सेठी की अगुवाई में भाग लेने जा रही है।आज यह टीम भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल से मिलने उनके नाहन आवास पर पहुंची। इस मौके पर राजीव बिंदल ने टीम के खिलाड़ियों को टोपी व शाल देकर सम्मानित किया और उनके उज्जवल प्रदर्शन की कामना भी की।
डॉ राजीव बिंदल ने कहा कि बॉडी बिल्डिंग एक अलग किस्म की प्रतियोगिता है जिसमें शरीर निर्माण के साथ साथ मानसिक विकास भी होता है। उन्होंने युवाओं का आवाहन किया कि वो नशे से दूर रहें और अपना स्वस्थ शरीर निर्माण करें।
टीम प्रभारी मनीष सेठी ने कहा कि यह प्रतियोगिता बड़ी अहम है और टीम पूरी तरह से तैयार है जोकि विभिन्न वर्गों में भाग लेंगे। उन्होंने बताया कि आईएफबी बॉडी बिल्डिंग में बेहतर मंच प्रदान करता है और अव्वल रहने वालों को विभिन्न विभागों मे रोजगार भी मुहैया करवाता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर