रेडक्रॉस का रक्तदान और निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर 10 जून को, राज्यपाल करेंगे शुभारंभ

 

शिमला, 08 जून (हि.स.)। हिमाचल प्रदेश राज्य रेडक्रॉस सोसायटी की ओर से 10 जून को शिमला में रक्तदान शिविर और निःशुल्क दंत चिकित्सा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम रेडक्रॉस भवन, राजभवन के निकट आयोजित होगा और इसकी शुरुआत सुबह 10 बजे से होगी।

राज्य रेडक्रॉस सोसायटी के अनुसार शिविर का उद्घाटन हिमाचल प्रदेश के राज्यपाल एवं राज्य रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष कविन्द्र गुप्ता सुबह 11 बजे करेंगे। रेडक्रॉस सोसायटी ने लोगों से इस शिविर में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है।

सोसायटी का कहना है कि रक्तदान जीवन बचाने का सबसे महत्वपूर्ण माध्यम है और रक्त के बिना जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती। संस्था ने स्पष्ट किया है कि रक्तदान से स्वास्थ्य पर कोई प्रतिकूल प्रभाव नहीं पड़ता और 18 से 60 वर्ष आयु वर्ग का प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है।

रक्तदान शिविर के साथ-साथ लोगों के लिए निःशुल्क दंत स्वास्थ्य जांच की भी व्यवस्था की गई है। इस दौरान विशेषज्ञ चिकित्सक लोगों के दांतों और मुख स्वास्थ्य का परीक्षण करेंगे तथा आवश्यक परामर्श भी देंगे। राज्य रेडक्रॉस सोसायटी ने आम लोगों से आग्रह किया है कि वे 10 जून को रेडक्रॉस भवन पहुंचकर रक्तदान करें और निःशुल्क दंत स्वास्थ्य परीक्षण का लाभ उठाएं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा