शिलाई में हुए ब्लाइंड मर्डर केस की गुत्थी सुलझी,आरोपी गिरफ्तार

 




नाहन, 18 नवंबर (हि.स.)। सिरमौर के शिलाई में मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहे खजान सिंह की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने आठ दिन बाद कथित हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार बीते 10 नवंबर की सुबह करीब 7:20 बजे रविंद्र सिंह अपने भाई खजान सिंह के साथ मोटरसाइकिल नंबर HP71A-4396 पर चांदपुर धार से अपने घर क्यारटा पिपलटी, डाकघर जामू कोटी, तहसील ददाहू, लौट रहा था। इसी दौरान कोटी उतरोऊ मोड़ के पास अचानक धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। कुछ ही पल बाद मोटरसाइकिल पर पीछे बैठा खजान सिंह नीचे गिर गया।

रविंद्र सिंह जब घर पहुंचा तो उसने हेलमेट की जांच की। हेलमेट के पिछले हिस्से में छेद था और उसके अंदर से चांदी रंग की धातु की एक गोली बरामद हुई। उसके सिर और पीठ पर भी चोटें आई थीं। इसी बीच उसे सूचना मिली कि उसके भाई खजान सिंह की उपचार के दौरान मौत हो गई है। इसके बाद अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ गोली चलाकर हत्या करने का संदेह जताते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सिरमौर और डीएसपी पांवटा साहिब ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटनास्थल का वैज्ञानिक निरीक्षण जुन्गा की विशेषज्ञ टीम से भी करवाया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक ने डीएसपी मानवेंद्र सिंह ठाकुर की अगुवाई में विशेष अन्वेषण दल गठित किया।

एसआईटी ने तकनीकी साक्ष्यों, गुप्त सूचनाओं और स्थानीय लोगों से पूछताछ के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। आखिरकार पुलिस ने इस ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझाते हुए 18 नवंबर को विनोद पुत्र ग्यार सिंह निवासी गांव कथयाड, डाकघर टिंबी, तहसील शिलाई को गिरफ्तार कर लिया।

एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ के अनुसार आरोपी विनोद की बहन सुमन को मृतक के बेटे रोहित द्वारा घर से भगाकर ले जाने के कारण वह रंजिश रखता था। इसी बात को लेकर उसने कथित तौर पर सोची-समझी साजिश के तहत खजान सिंह की हत्या की वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसे अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड हासिल किया जाएगा, ताकि वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच की जा सके। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / जितेंद्र ठाकुर