भाजपा युवा मोर्चा का प्रदर्शन, सेना पर टिप्पणी को लेकर मंत्री नेगी से माफी और इस्तीफे की मांग

 


शिमला, 24 नवंबर (हि.स.)। हिमाचल विधानसभा के धर्मशाला स्थित तपोवन में हुए शीतकालीन सत्र में भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर कांग्रेस मंत्री जगत सिंह नेगी की टिप्पणी के विरोध में मंगलवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा ने शिमला के सीटीओ चौक पर प्रदर्शन किया। युवा मोर्चा ने नेगी से अपनी टिप्पणी के लिए सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और मंत्री पद से इस्तीफा देने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान मंत्री का पुतला जलाने को लेकर कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई।

प्रदर्शन में युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री सुशील कड़शोली सहित भाजपा और युवा मोर्चा के कई पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की। सुशील कड़शोली ने कहा कि विधानसभा में भारतीय सेना और ऑपरेशन सिंदूर को लेकर जगत सिंह नेगी की टिप्पणी दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। भारतीय सेना के शौर्य और पराक्रम पर पूरे देश को गर्व है। ऐसे में सेना की वीरता पर सवाल उठाने वाली टिप्पणी किसी जिम्मेदार संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को शोभा नहीं देती।

उन्होंने कहा कि जगत सिंह नेगी को देशवासियों और भारतीय सेना से सार्वजनिक रूप से माफी मांगनी चाहिए। नैतिकता के आधार पर उन्हें मंत्री पद से इस्तीफा भी देना चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान जब युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जगत सिंह नेगी का पुतला जलाने का प्रयास किया तो पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच तीखी धक्का-मुक्की हुई। भाजपा युवा मोर्चा का आरोप है कि पुतला दहन रोकने के लिए पुलिस ने फायर एक्सटिंगुइशर का भी इस्तेमाल किया। इससे सीटीओ चौक पर तनावपूर्ण स्थिति बनी रही।

कड़शोली ने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार विरोध प्रदर्शनों से घबराकर पुलिस के माध्यम से कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में शांतिपूर्ण विरोध करना नागरिकों का अधिकार है। युवा मोर्चा पुलिस कार्रवाई और सरकारी दबाव से पीछे नहीं हटेगा। जब तक मंत्री सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगते और इस्तीफा नहीं देते, संगठन लोकतांत्रिक तरीके से विरोध जारी रखेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा