परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए केंद्र सरकार ने उठाए ऐतिहासिक कदम : सन्नी शुक्ला

 


शिमला, 25 जुलाई (हि.स.)। भारतीय जनता युवा मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष सन्नी शुक्ला ने कहा है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ने देश की परीक्षा प्रणाली को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और भरोसेमंद बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि पब्लिक एग्जामिनेशन (प्रिवेंशन ऑफ अनफेयर मीन्स) अधिनियम को प्रभावी बनाने, पेपर लीक जैसे मामलों पर सख्ती बढ़ाने और राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) में संस्थागत सुधार शुरू करने जैसे फैसले करोड़ों युवाओं के हित में हैं। उन्होंने कहा कि इन कदमों से प्रतियोगी परीक्षाओं में निष्पक्षता और जवाबदेही मजबूत होगी।

सन्नी शुक्ला ने शनिवार को एक बयान में कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले छात्र वर्षों तक कड़ी मेहनत करते हैं। किसान, मजदूर, मध्यमवर्गीय परिवारों और दूरदराज के क्षेत्रों से आने वाले लाखों युवा अपने सपनों को पूरा करने के लिए दिन-रात पढ़ाई करते हैं। ऐसे में पेपर लीक जैसी घटनाएं उनकी मेहनत और विश्वास को गहरी चोट पहुंचाती हैं। उन्होंने कहा कि पेपर लीक केवल एक आपराधिक घटना नहीं, बल्कि देश की प्रतिभा और युवाओं के भविष्य के खिलाफ गंभीर अपराध है।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि परीक्षा माफिया, भ्रष्ट अधिकारियों और संगठित गिरोहों के लिए अब कोई जगह नहीं है। नए कानून में कठोर दंड का प्रावधान किया गया है, जिससे छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई हो सकेगी। उनके अनुसार सरकार केवल दोषियों को सजा देने तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी परीक्षा व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनाने पर भी काम कर रही है।

भाजयुमो प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी में सुधार, परीक्षा प्रक्रिया की समीक्षा, जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की जा रही है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समस्याओं की जड़ तक पहुंचकर समाधान निकालने में विश्वास रखती है और इसी सोच के तहत परीक्षा प्रणाली को लगातार मजबूत किया जा रहा है।

सन्नी शुक्ला ने कहा कि कुछ राजनीतिक दल आज युवाओं के मुद्दे पर राजनीति कर रहे हैं, जबकि उनके शासन वाले कई राज्यों में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक के मामले सामने आए थे। उन्होंने कहा कि उन मामलों में न कठोर कानून बनाए गए और न ही परीक्षा माफिया के खिलाफ वैसी कार्रवाई हुई जैसी अब केंद्र सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि यदि विपक्ष वास्तव में छात्रों के हितों को लेकर गंभीर है तो उसे परीक्षा सुधारों का समर्थन करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति, डिजिटल इंडिया, स्किल इंडिया, स्टार्टअप इंडिया, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना और युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने वाली विभिन्न योजनाओं के बाद अब परीक्षा प्रणाली को भी अधिक विश्वसनीय बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है।

सन्नी शुक्ला ने हिमाचल प्रदेश के युवाओं से अपनी मेहनत और प्रतिभा पर भरोसा बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि भारतीय जनता युवा मोर्चा उनके अधिकारों और निष्पक्ष अवसरों की रक्षा के लिए हमेशा उनके साथ खड़ा रहेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के इन सुधारों से आने वाले समय में देश की परीक्षा प्रणाली अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और भरोसेमंद बनेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / उज्जवल शर्मा